रतलाम। शासकीय योजनाओ के क्रियान्वयन में गंभीरता बरती जाए, समय-सीमा का ख्याल रखे, जिले के मैदानी अमले के कार्यों में कसावट लाई जाए। शिकायत मिलने पर संबंधित के विरूद्ध कार्यवाही में बिल्कुल भी देरी नहीं की जाए। यह निर्देश जिले के प्रभारी मंत्री श्री सचिन यादव ने आज अधिकारियों की समीक्षा बैठक में दिए। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सम्पन्न इस बैठक में प्रभारी मंत्री द्वारा विभागवार योजनाओं की समीक्षा की गई। इस अवसर पर सांसद कांतिलाल भूरिया, विधायक सैलाना हर्षविजय गेहलोत, विधायक आलोट मनोज चावला, जिला पंचायत उपाध्यक्ष डीपी धाकड़, डॉ. विक्रान्त भूरिया, कलेक्टर श्रीमती रूचिका चौहान, पुलिस अधीक्षक गौरव तिवारी, सीईओ जिला पंचायत सोमेश मिश्रा, अपर कलेक्टर जितेन्द्र सिंह चौहान, सुश्री निशा डामोर तथा जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में प्रभारी मंत्री द्वारा जय किसान फसल ऋण माफी की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए गए कि कोई भी पात्र किसान इस योजना के लाभ से वंचित नहीं रहे। उन्होंने धरातल स्थल पर शिकायतों के निराकरण की स्थिति जानी। नामों में त्रुटियां, शिकायतों की संख्या से अवगत हुए। प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि जिले में बैंक शाखाएं किसानों के साथ अच्छा व्यवहार करे, खराब व्यवहार की शिकायत नहीं आए। सीईओ जिला पंचायत को ग्राम पंचायत स्तरीय अमले के कार्यों पर नियमित मानिटरिंग करने के निर्देश दिए। उद्यानिकी विभाग को अधिकाधिक जैविक खेती को प्रमोट करने, किसानों की उत्पादक कंपनियों के गठन कराने के निर्देश दिए। मत्स्य पालन विभाग को स्थानीय मछुआरों को तालाबों के ठेकों में प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। विद्युत वितरण कंपनी के कार्यां की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने अधीक्षण यंत्री को निर्देशित किया कि विधायकगणों से नियमित संवाद रखकर जहां समस्या बताई जाए तत्काल निराकरण करे। कंपनी का मैदानी अमला आमजन को परेशान नहीं करे यह सुनिश्चित किया जाए। लोगों के साथ अनावश्यक रूप से सख्ती नहीं बरती जाए, अन्यथा ऐसे ग्राउण्ड स्टाफ के खिलाफ सख्त एक्शन ली जाए। सांसद श्री भूरिया ने हिदायत दी कि विद्युत वितरण कंपनी मैदानी क्षेत्रों में जहां भी कमियां है उनको दूर करे। ट्रांसफार्मर, विद्युत कनेक्टिविटी आदि की मैदानी क्षेत्रों में जरूरतो को तत्काल पूर्ण किया जाए। विधायक हर्ष विजय गेहलोत ने निर्देश दिए कि मात्र एक व्यक्ति द्वारा वि़द्युत बिल नहीं भरे जाने पर सभी व्यक्तियों के कनेक्शन विच्छेद नहीं करना सुनिश्चित करे। सैलाना, बाजना के कुछ गांवों में ऐसा देखने में आया है, भविष्य में ऐसा नहीं हो। पीएचई विभाग की समीक्षा में श्री गेहलोत ने बाजना क्षेत्र में हैंडपंप सुधारने वाली एजेंसी के पास वाहन नहीं होने की ओर ध्यान आकर्षित किया। इस पर कलेक्टर श्रीमती चौहान ने ईईपीएचई को निर्देशित किया कि इसका सत्यापन करते हुए सुधार लाया जाए। सांसद श्री भूरिया ने ईईपीएचई को यह सुनिश्चित करने का कहा कि नलकूप खनन में ठेकेदार गड़बड़ी नहीं करे। इसको सख्ती से चेक करे कि ठेकेदार जितना खनन बताया है उतना किया भी है या नहीं। विधायक आलोट श्री चावला ने गड़बड़ी करने वाले ठेकेदारों का पेमेण्ट नहीं करने के निर्देश विभाग को दिए। प्रभारी मंत्री श्री यादव ने निर्देश दिए कि कार्यपालन यंत्री विधायकों के साथ जाकर बंद पडी योजनाओं को उचित ढंग से देखें कि किन कारणों से योजना बंद हुई।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में प्रभारी मंत्री द्वारा जिले में डॉ. पेरामेडीकल स्टाफ के रिक्त पदों की पूर्ति तथा उपलब्धता की जानकारी प्राप्त की गई। जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को निर्देशित किया गया कि जहां भी जरूरत हो उचित मूल्य की दुकान खोली जाए। कलेक्टर ने बताया कि जिले में दलों का गठन किया जाकर उचित मूल्य दुकानों का निरीक्षण किया जा रहा है। बैठक में शिक्षा, लोक निर्माण विभाग तथा पशु पालन विभागों की भी समीक्षा की गई।
शिकायत आने पर कार्यवाही में बिल्कुल भी देरी नहीं की जाए, प्रभारी मंत्री सचिन यादव ने अधिकारियों की समीक्षा बैठक में दिए निर्देश
