रतलाम । गणतंत्र दिवस का पर्व उल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय पर आयोजित मुख्य समारोह में जिला प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के कृषि मंत्री श्री सचिन यादव ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। पुलिस लाइन मैदान पर आयोजित गरिमामय समारोह में प्रभारी मंत्री श्री सचिन यादव ने प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ के संदेश का वाचन किया। हर्ष फायर के उपरांत मार्च पास्ट में एसएफ कंपनी, जिला पुलिस बल, महिला पुलिस बल, जिला होमगार्ड, वन विभाग, एनसीसी, स्काउट गाइड, स्टूडेंट पुलिस कैडेट एवं शौर्य दल ग्रुप ने सधे हुए कदम ताल के साथ आकर्षक परेड की। मुख्य अतिथि द्वारा खुली जीप में सवार होकर परेड का निरीक्षण किया गया उनके साथ कलेक्टर श्रीमती रूचिका चौहान तथा पुलिस अधीक्षक श्री गौरव तिवारी भी थे। मुख्य अतिथि द्वारा परेड कमांडरों से परिचय प्राप्त किया गया इसके पश्चात स्वतंत्रता संग्राम में अमूल्य योगदान प्रदान करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का प्रभारी मंत्री श्री यादव ने सम्मान किया। समारोह में सांसद कांतिलाल भूरिया, विधायक रतलाम शहर चैतन्य काश्यप, महापौर डॉ. सुनीता यार्दे, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रमेश मइड़ा, सहकारी बैंक अध्यक्ष अशोक चौटाला, डॉ. विक्रान्त भूरिया, कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, जिला पुलिस अधीक्षक गौरव तिवारी, जिला पंचायत सीईओ सोमेश मिश्रा, एसडीएम शहर राहुल धोटे, एसडीएम रतलाम ग्रामीण सुश्री शिराली जैन, एडीएम जितेंद्र सिंह चौहान सहित गणमान्यजन, पत्रकारगण उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन श्री आशीष दशोत्तर एवं श्रीमती पूर्णिमा शर्मा ने किया।
आकर्षक परेड को मिला पुरस्कार
समारोह में 12 प्लाटून द्वारा आकर्षक परेड प्रस्तुत की गई। परेड प्रस्तुत करने में प्रथम पुरस्कार 24 वीं बटालियन एसएफ सी कंपनी रतलाम के उप निरीक्षक श्री पीतांबर दास बैरागी को, द्वितीय पुरस्कार एनसीसी सीनियर डिविजन कन्या शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय रतलाम की सुश्री शिवानी शर्मा को तथा तीसरा पुरस्कार स्टूडेंट पुलिस कैडेट के प्रकाश बोरासी को प्रदान किया गया ।परेड के दौरान पुलिस बैंड की मधुर धुनों को सभी ने सराहा।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने देश भक्ति का वातावरण निर्मित किया
समारोह में शहर के विद्यालयों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम को उपस्थितजनों ने सराहा। कार्यक्रम में 6 सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई जिसमें प्रथम पुरस्कार साईं श्री इंटरनेशनल स्कूल रतलाम, द्वितीय पुरस्कार रतलाम पब्लिक स्कूल एवं तृतीय पुरस्कार श्री गुजराती समाज इंग्लिश मीडियम स्कूल को प्रदान किया गया। निर्मला कान्वेंट स्कूल की प्रस्तुति को प्रोत्साहन पुरस्कार एवं शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रतलाम की प्रस्तुति को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। इस दौरान जिला होमगार्ड बल द्वारा आपदा प्रबंधन की प्रस्तुति ने उपस्थित जनों के सामने रोमांचक दृश्य प्रस्तुत किए।
झांकियों ने शासकीय योजनाओं को प्रस्तुत किया
गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान 15 शासकीय विभागों द्वारा शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदर्शित करती झांकियां निकाली गई। इन झांकियों को उपस्थित जनों ने सराहा और उनकी योजनाओं के प्रस्तुतीकरण को प्रभावी बताया। झांकी का प्रथम पुरस्कार उद्यानिकी विभाग, द्वितीय पुरस्कार लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग एवं तृतीय पुरस्कार कृषि विभाग को प्रदान किया गया।
कीटनाशक युक्त मच्छरदानी वितरित
जिले के मलेरिया प्रभावित उप स्वास्थ्य केंद्रों के ग्रामों में कीटनाशक युक्त मच्छरदानी के वितरण कार्य की शुरुआत प्रभारी मंत्री श्री सचिन यादव द्वारा 8 हितग्राहियों को मच्छरदानी प्रदान कर की गई। उल्लेखनीय है कि जिले में कुल 5 विकास खंडों के 40 उप स्वास्थ्य केंद्रों के 355 ग्रामों के 51 हजार 961 परिवारों को 2 लाख 59 हजार 807हितग्राहियों मच्छरदानी का वितरण किया जाना है। समारोह में हितग्राहियों को मच्छरदानी वितरित कर मच्छरदानी वितरण कार्य की शुरुआत की गई।
श्रेष्ठ कार्य एवं सेवाओं के लिए पुरस्कार वितरित
समारोह में प्रभारी मंत्री श्री सचिन यादव ने श्रेष्ठ कार्य एवं सेवाओं के लिए अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर पुरस्कृत किया। विधानसभा निर्वाचन 2018 के अंतर्गत सराहनीय कार्य करने के लिए 54 अधिकारियों, कर्मचारियों को, पिछड़ा वर्ग अल्पसंख्यक कल्याण एवं जिला शिक्षा विभाग के माध्यम से 12 प्रतिभावान विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। इसके साथ ही जिला पंचायत, अभियोजन, विद्युत मंडल, महिला बाल विकास, जिला जेल, शिक्षा विभाग, जिला शिक्षा केंद्र, अनुविभागीय अधिकारी आलोट, पशु चिकित्सा विभाग, कृषि विकास विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग आत्मा, राजस्व, पुलिस विभाग के साथ ही सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों को भी पुरस्कृत किया गया।
