रतलाम। सैलाना रोड के डेलनपुर में पिछले दिनों किसान आंदोलन के दौरान हुए बलवे के मामले में सोमवार को सांसद कांतिलाल भूरिया ने एसपी अमित सिंह से मुलाकात की। सांसद ने एसपी सिंह से कहा है कि डेलनपुर कांड में कई सारे अज्ञात लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है, ऐसा न हो कि किसानों को झूठे केस में फंसा दिया जाए। सांसद ने एसपी से कहा- निष्पक्ष जांच हो, किसानों को आतंकित करने का काम ठीक नहीं है। बदले की भावना से कार्रवाई नहीं होना चाहिए।
सोमवार दोपहर रतलाम आए सांसद भूरिया शहर कांग्रेस अध्यक्ष विनोद मिश्रा और ननि में नेता प्रतिपक्ष यास्मिन शेरानी के साथ एसपी अमित सिंह से मुलाकात करने पहुंचे थे। डेलनपुर कांड में पुलिस ने जिला पंचायत उपाध्यक्ष और कांग्रेस नेता डी.पी. धाकड़, धामनोद नपं के पूर्व उपाध्यक्ष राजेश भरावा व अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राणघातक हमला और बलवे का केस दर्ज किया है। मीडियाकर्मियों से मुलाकात के दौरान सांसद भूरिया ने बताया कि एसपी से मुलाकात के दौरान उन्हें कहा गया है कि वास्तविक साक्ष्यो के आधार पर ही आरोपियों की पहचान की जाए, किसी भी निर्दोष किसान को प्रकरण में आरोपी नहीं बनाया जाए।
एसपी बोले-हमारे पास पर्याप्त साक्ष्य
सांसद से मुलाकात के बाद एसपी अमित सिंह ने मीडियाकर्मियों से बात की। एसपी सिंह के अनुसार हमारे पास डी.पी. धाकड़ व अन्य आरोपियों के विरूद्ध पर्याप्त साक्ष्य है। सीआरपीसी के प्रावधानों के तहत धाकड़ व अन्य फरार आरोपियों की संपत्ति कुर्क की जाएगी। साक्ष्यों के आधार पर ही अन्य भी आरोपी बनाए जाएंगे और निश्चित उन्हें सजा भी दिलाई जाएगी।
