• Tue. Oct 27th, 2026

रतलाम पुलिस ने सड़क हादसों में मदद करने वाले 5 राहवीरों का किया सम्मान, एसपी अमित कुमार ने प्रशस्ति पत्र देकर बढ़ाया हौसला, चार प्रकरणों में मिली पुरस्कार राशि

BySurendra Jain

Oct 27, 2026

खबर पक्की, 27 अक्टूबर, रतलाम। सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की मदद कर उन्हें समय पर अस्पताल पहुंचाने वाले नागरिकों को प्रोत्साहित करने के लिए रतलाम पुलिस द्वारा राहवीर योजना का क्रियान्वयन किया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पांच राहवीरों को सम्मानित किया।
सम्मान समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण विवेक कुमार लाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर राकेश पंद्रो, डीएसपी यातायात आनंद सोनी और यातायात थाना प्रभारी रक्षित निरीक्षक हेमंत पाटीदार सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
जिले में अब तक राहवीर योजना के तहत 18 प्रकरण पुरस्कार के लिए भेजे गए हैं। इनमें से चार प्रकरण स्वीकृत होने पर पांच राहवीरों को पुरस्कार राशि मिली है। सम्मानित होने वालों में स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के भूपेन्द्र दिसोरिया को 25 हजार रुपये, औद्योगिक क्षेत्र थाना क्षेत्र के कमलसिंह चौहान को 5 हजार रुपये, आलोट थाना क्षेत्र के युवराजसिंह को 25 हजार रुपये तथा सरवन थाना क्षेत्र के दिलीप पारगी और पंकज मईड़ा को संयुक्त रूप से 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि स्वीकृत हुई।
घायलों की मदद के लिए आगे आएं नागरिक
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के मार्गदर्शन और डीएसपी यातायात आनंद सोनी के नेतृत्व में यातायात शाखा द्वारा सड़क दुर्घटनाओं में मदद करने वाले नागरिकों की पहचान कर उनके प्रकरण पुरस्कार के लिए भेजे जा रहे हैं। वर्तमान में दो प्रकरण कमियां पूरी करने के बाद परिवहन आयुक्त कार्यालय, ग्वालियर भेजे गए हैं, जबकि छह प्रकरण दस्तावेजों की पूर्ति और छह कलेक्टर कार्यालय में प्रक्रियाधीन हैं।
राहवीर योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने में मदद करने वाले पात्र नागरिक को प्रति घटना 25 हजार रुपये तक की पुरस्कार राशि और प्रशंसा प्रमाण-पत्र देने का प्रावधान है। अमित कुमार ने नागरिकों से अपील की कि दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद के लिए आगे आएं और पुलिस एवं आपातकालीन सेवाओं को तत्काल सूचना दें। समय पर मिली सहायता किसी की जान बचा सकती है।

You missed

error: Content is protected !!