खबर पक्की :बिहार के औरंगाबाद में हुए नक्सली हमले में एक बड़ा खुलासा हुआ है। नक्सलियों ने आरोप लगाया है कि एक भाजपा एमएलसी ने उनके पांच करोड़ रुपए नहीं लौटाए तो उन्होंने हमला कर दिया। नक्सलियों का कहना है कि वे काफी समय से रकम लौटाने में आनाकानी कर रहे थे, इसलिए उन्होंने उनके घर पर धावा बोल दिया, जिसमें करीब आधा दर्जन गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया गया था। हमले में राजन सिंह के चाचा को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया गया था।
पुलिस के मुताबिक घटना स्थल पर नक्सली एक पर्चा छोड़कर गए थे, जिसमें लिखा था कि नोटबंदी के दौरान बिहार विधान परिषद में भाजपा के सदस्य राजन कुमार सिंह को पांच करोड़ रुपए बदलने के लिए दिए थे। सिंह ने वह रुपए अभी तक नहीं लौटाए। इसके अलावा पर्चे में लिखा था कि लेवी के रूप में अलग से 2 करोड़ रुपए की वसूली हुई थी, जो सिंह के पास ही थे, वो पैसे भी नहीं लौटाए।
हालांकि, इस पर्चे के सामने आने के बाद सिंह ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि नक्सली मेरे खिलाफ दुष्प्रचार करने में लगे हैं। उन्होंने साथ ही बताया कि नक्सली हमले की आशंका को लेकर वे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राज्य के पुलिस महानिदेशक से भी सुरक्षा की गुहार लगा लगा चुके हैं। इसके अलावा सिंह ने कहा कि अगर वो नक्सली समर्थक होते तो उनकी पहले भी गाड़ियां जलाई गई हैं, वो नहीं होता।
