• Wed. Jul 29th, 2026

भारत-पाक फाइनल मुकाबला आज दोपहर 3 बजे से

BySurendra Jain

Jun 18, 2017

लंदन। भारत-पाकिस्तान की क्रिकेट टीमों के बीच आईसीसी चेम्पियंस ट्राफी का आज फाइनल मुकाबला है। दोपहर 3 बजे से इस मैच का सीधा प्रसारण शुरू होगा। आज जब ओवल में भारत-पाकिस्तान चैंपियंस ट्रोफी के मुकाबले के लिए भिड़ेंगे तो न केवल भारतीय उपमहाद्वीप बल्कि पूरी दुनिया के क्रिकेट प्रेमी अद्भुत रोमांच की उम्मीद करेंगे। कोई भी टूर्नमेंट खेल भावना से बड़ा नहीं होता, लेकिन जब भी भारत-पाक भिड़ते हैं तो अक्सर किताबी अनमोल विचारों के ऊपर भावनाएं हावी नजर आती हैं। इस फाइनल में भी इसी की उम्मीद है। देखना रोचक होगा कि क्या भारत के ‘त्रिदेव’ की काट पाक के पास है?

त्रिदेवको रोकना मुमकिन नजर नहीं आता
इतिहास, आंकड़े, परफॉर्मेंस जिसकी भी बात करें सुपर संडे के फाइनल से पहले भारत पाकिस्तान पर भारी नजर आ रहा है। आप चाहें तो क्रिकेट को अनिश्चितताओं का खेल कह सकते हैं लेकिन भारतीय टीम ने अंतरराष्ट्रीय टूर्नमेंट्स में पाक के खिलाफ अक्सर इस किताबी अवधारणा को झुठलाया ही है। ऊपर से भारत के ‘त्रिदेव’ की फॉर्म ऐसी है कि पाकिस्तान क्या दुनिया के किसी भी गेंदबाजी आक्रमण की धज्जियां उड़ सकती हैं।

ये ‘त्रिदेव’ हैं शिखर धवन, रोहित शर्मा और विराट कोहली। भारत ने इस पूरे टूर्नमेंट में अबतक विरोधी टीमों के खिलाफ 1074 रन बनाए हैं। इसमें 81.38 फीसदी रन इसी तिकड़ी ने बनाए हैं। शिखर धवन 4 मैचों की 4 पारी में 317 रन बनाकर इस टूर्नमेंट में टॉप पर हैं। शिखर की स्ट्राइक रेट 102.25 की है और एक शतक व 2 अर्धशतक जमा चुके हैं। रोहित शर्मा 4 मैचों की 4 पारी में 87.60 की स्ट्राइक रेट से 304 रन बना कर टूर्नमेंट में दूसरे स्थान पर हैं। यह भारत की ओपनिंग जोड़ी भी है, जिसका चलना जीत की गारंटी माना जा रहा है।

अब अगर इनमें से कोई चूकता भी है, तो पाकिस्तान राहत की सांस नहीं ले सकता, क्योंकि ‘त्रिदेव’ के तीसरे नेत्र कोहली इसके तुरंत बाद आते हैं। कोहली ने 4 मैचों की 3 पारी में 100.39 की स्ट्राइक रेट से 253 रन बनाए हैं। कोहली इस टूर्नमेंट के टॉप स्कोरर की लिस्ट में 5वें नंबर हैं। अब जिस टीम के पास टूर्नमेंट के टॉप-5 स्कोरर में से 3 हों, उसके विरोधियों के हाल का अंदाजा तो आप लगा ही सकते हैं।

error: Content is protected !!