• Wed. Jul 29th, 2026

ENG-PAK सेमीफाइनल आज, मुकाबला रोचक होने की उम्मीद

BySurendra Jain

Jun 14, 2017
कार्डिफ.श्रीलंका पर रोमांचक जीत के साथ चैम्पियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल में पहुंची पाकिस्तान टीम का मुकाबला आज इंग्लैंड से होगा। मैच दोपहर 2.30 बजे से खेला जाएगा। टूर्नामेंट की नंबर वन टीम इंग्लैंड के खिलाफ पाकिस्तान की राह आसान नहीं होगी। कार्डिफ के इसी ग्राउंड पर श्रीलंका के खिलाफ पाकिस्तान ने आखिरी मैच जीता है, जबकि इसी ग्राउंड पर इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को 87 रन से हराया था।
इंग्लैंड-पाकिस्तान के की-प्लेयर्स…
इंग्लैंडःजो रूट, इयॉन मोर्गन, बेन स्टोक्स, लियाम प्लंकेट और आदिल राशिद।
पाकिस्तानः सरफराज अहमद, अजहर अली, फखर जमान, हसन अली और जुनैद खान।
चैम्पियंस ट्रॉफी 2017 में दोनों की परफॉर्मेंस
पाकिस्तानः 3 में से 2 मैच जीते
– टूर्नामेंट में आखिरी रैंकिंग (8वीं) की टीम पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ हार से टूर्नामेंट की शुरुआत की, लेकिन उसके बाद अपने पिछले दोनों मैच जीते। साउथ अफ्रीका के खिलाफ 19 रन से और फिर श्रीलंका के खिलाफ 3 विकेट से।
– इस प्रदर्शन से पाकिस्तानी टीम जीत की लय में हैं। उनके खिलाड़ी अच्छे फॉर्म के साथ ही आत्मविश्वास में भी हैं।
इंग्लैंडः तीनों मैच जीते
– इंग्लैंड चैम्पियंस ट्रॉफी 2017 में अपने सभी लगी मैच जीतने वाली अकेली टीम है। उसने अपने ग्रुप में बांग्लादेश, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड को हराया। इसमें से 2 मैचों में उसने 300+ का स्कोर बनाया।
– ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी उसने 40 ओवर में ही 240 रन बना लिए थे। हालांकि, बारिश के कारण ये मैच नहीं हो सका और इंग्लैंड डकवर्थ लुईस सिस्टम से 40 रन से ये मैच जीत गई थी।
हर बार चैम्पियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल में हारा पाकिस्तान
– चैम्पियंस ट्रॉफी के इतिहास में पाकिस्तान अब तक तीन बार सेमीफाइनल में पहुंचा है। 2000, 2004 और 2009 में। तीनों ही बार उसका सफर सेमीफाइनल में हार के साथ खत्म हुआ। ऐसे में, पाकिस्तान पहली बार इस आईसीसी टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचने की कोशिश करेगा।
दो फाइनल खेल चुकी है इंग्लैंड
– 2004 और 2013 की चैम्पियंस ट्रॉफी में इंग्लैंड फाइनल तक पहुंची थी। 2004 में उसे वेस्ट इंडीज ने रोमांचक मैच में 2 विकेट से हरा दिया था, जबकि 2013 में इंग्लैंड को 5 रन से हारकर टीम इंडिया चैम्पियन बनी थी। 2009 में इंग्लैंड सेमीफाइनल तक पहुंची थी। इस बार इंग्लैंड को टूर्नामेंट का प्रबल दावेदार माना जा रहा है।
पहली बार चैम्पियंस ट्रॉफी में होगा इंग्लैंड-पाकिस्तान का मैच
– चैम्पियंस ट्रॉफी की शुरुआत 1998 में हुई थी। तब से अब तक इस टूर्नामेंट में कभी भी पाकिस्तान और इंग्लैंड की टीम के बीच मुकाबला नहीं हुआ। दोनों टीमों के बीच चैम्पियंस ट्रॉफी में ये पहला मैच होगा।
आईसीसी टूर्नामेंट में दोनों टीमों का रिकॉर्ड
मैचः 11 इंग्लैंड जीताः 6 पाकिस्तान जीताः 4 नो रिजल्टः 1
error: Content is protected !!