• Sun. Nov 29th, 2026

राजस्थान में आज से गहलोत राज, पायलट बने उप-मुख्यमंत्री; जश्न में डूबी कांग्रेस

BySurendra Jain

Dec 17, 2018

नई दिल्ली। राजस्थान के 22वें मुख्यमंत्री के रूप में अशोक गहलोत ने शपथ ले ली है। राज्यपाल कल्याण सिंह ने उन्हें शपथ दिलाई। इसी के साथ वह राज्य के तीसरी बार मुख्यमंत्री बने हैं। उनके साथ सचिन पायलट ने भी शपथ ली। वह राजस्थान के उपमुख्यमंत्री नियुक्त किए गए हैं।  मंत्रिमंडल का फैसला बाद में राहुल गांधी के परामर्श से होगा।

पूर्व सीएम वसुंधरा राजे भी कार्यक्रम स्थल में मौजूद रहीं। समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ मनमोहन सिंह, मल्लिकार्जुन खड़गे, ज्योतिरादित्य सिंधिया, नवजोत सिंह सिद्धू, जितिन प्रसाद समेत यूपीए के कई दिग्गज मौजूद रहे। जयपुर के ऐतिहासिक अल्बर्ट हॉल में शपथग्रहण का समारोह हुआ।

हालांकि बसपा सुप्रीमो मायावती, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी शपथ समारोह में नदारद नजर आए, जिसके कई सियासी मायने भी निकाले जा रहे हैं।

राहुल गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के अलावा पूर्व पीएम एचडी देवेगौड़ा,शरद यादव, शरद पवार, फारूक अब्दुल्ला, चंद्रबाबू नायडू, कर्नाटक के मुख्यमंत्री कुमारस्वामी, तेजस्वी यादव, डीएमके नेता एमके स्टालिन और कनिमोरी, बाबूलाल मरांडी एवं हेमंत सोरेन और उपेंद्र कुशवाहा शामिल हुए।

You missed

error: Content is protected !!