रतलाम। पावर हाउस रोड सैलाना बस स्टेंड सब्जी मार्केट की 3 दुकानों पर शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर चोरी की कोशिश की। एक दुकान का ताला तोड़ दिया गया जबकि दो में चोर ताला तोड़ने में कामयाब नहीं हो सके। सुबह जब तीनों ही दुकानों के संचालक अपनी दुकानों पर पहुंचे तब चोरी के प्रयास का खुलासा हुआ।
चोरी का प्रयास पशु आहार की दुकान श्री ट्रेडर्स, तिरूपति बोरवेल और बालाजी एग्रो पर हुआ है। श्री ट्रेडर्स के संचालक विशाल जैन, तिरूपति बोरवेल के संचालक राकेश पाटीदार और बालाजी एग्रो के संचालक भंवरलाल पाटीदार ने स्टेशन रोड़ थाने पर चोरी की शिकायत की है। तीनों ही व्यापारियों के साथ क्षेत्र के अन्य व्यापारी भी थाने पहुंचे और सुरक्षा के संबंध में पुलिस अधिकारियों से चर्चा की। श्री ट्रेडर्स संचालक विशाल जैन के अनुसार कृषि उपज मंडी और व्यवसायिक क्षेत्र में चोरी का प्रयास होने से व्यापारियों में भय का माहौल बन गया है।
