• Tue. Sep 8th, 2026

निर्विघ्न निर्वाचन के लिए सेक्टर अधिकारी सजगता के साथ कार्य करें, सेक्टर तथा पुलिस अधिकारियों की बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने दिए निर्देश

BySurendra Jain

Nov 18, 2018

रतलाम। विधानसभा निर्वाचन 2018 में तैनात सेक्टर अधिकारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। जिले के सेक्टरों में तैनात सेक्टर अधिकारी तथा पुलिस अधिकारी निर्विघ्न निर्वाचन के लिए सजगता के साथ कार्य करें। खासतौर पर 26, 27 तथा 28 नवंबर को सेक्टर अधिकारियों की भूमिका सबसे अहम होगी। यह निर्देश कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती रुचिका चौहान ने जिले के सेक्टर अधिकारियों तथा पुलिस अधिकारियों की संयुक्त बैठक में दिए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक गौरव तिवारी, अपर कलेक्टर जितेंद्र सिंह चौहान तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने भी अधिकारियों को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन संपन्न कराने के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रवीण कुमार फुलपगारे, संयुक्त कलेक्टर सुश्री निशा डामोर, रणजीत कुमार तथा डिप्टी कलेक्टर श्रीमती कामिनी ठाकुर भी उपस्थित थे।
अधिकारियों को जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती रुचिका चौहान ने सेक्टर में भ्रमण से लेकर मतदान सामग्री वितरण, मतदान केंद्रों को तैयार करने, मतदान दलों की वापसी, सामग्री जमा होने तक की जाने वाली कार्रवाइयों के लिए, दिशा-निर्देश दिए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदान दलों को 27 नवंबर को मतदान सामग्री वितरित की जाएगी। रतलाम शहर तथा रतलाम ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों के मतदान कर्मियों को रतलाम से सामग्री वितरित की जाएगी। इसी प्रकार सैलाना, जावरा तथा आलोट विधानसभा क्षेत्रों के लिए सैलाना, जावरा, आलोट से सामग्री वितरण होगा। सेक्टर अधिकारी समय पर सामग्री वितरण स्थलों पर पहुंच जाएं। सामग्री सुबह 7 बजे से वितरित की जाएगी। अपने सेक्टर के मतदान दलों की अटेंडेंस लेवे। उनको संपूर्ण सामग्री प्राप्त हो जाये, यह सुनिश्चित करें। मतदान दलों को ले जाने वाली बसों पर रूटचार्ट तथा संबंधित अधिकारियों के संपर्क नंबर चस्पा किए जाएंगे। मतदान दिवस पर मतदान केंद्र में मॉकपोल के पश्चात ईवीएम को क्लियर करना है। साथ ही वीवीपेट से भी मॉकपोल की पर्चियां निकलवा कर सील करवाना है। सेक्टर अधिकारी अपने रिटर्निंग अधिकारी तथा जिला कंट्रोल रूम को मॉकपोल की सूचना तथा दो-दो घंटे में मतदान की रिपोर्टिंग करेंगे।

You missed

error: Content is protected !!