• Tue. Sep 8th, 2026

शहर को झुग्गीमुक्त बनाने और प्रत्येक गरीब परिवार को पक्का आवास उपलब्ध कराने के लिए 3440 नए मकानों की स्वीकृति : नरेन्द्रसिंह तोमर

BySurendra Jain

Nov 18, 2018

रतलाम। रतलाम शहर को झुग्गीमुक्त बनाने और प्रत्येक गरीब परिवार को पक्का आवास उपलब्ध कराने के लिए 3440 नए मकानों की स्वीकृति हमने चुनाव से कुछ दिन पहले ही दी है। 1500 मकान तैयार हो रहे हैं। इतने पर भी यदि रतलाम का कोई परिवार आवासहीन रहता है तो प्रोजेक्ट बनाईए और दिल्ली चले आइए, आपको भरोसा दिलाता हूं कि रतलाम में कोई परिवार बिना छत के नहीं रहेगा। चेतन्य काश्यप जब भी मुझसे दिल्ली में मुलाकात करते, रतलाम में होने वाले विकास कार्यों की जानकारी देते रहते हैं। मैंने उनकी आंखों में गरीबी दूर करने, गरीबों के आंसू पोछने, जीवनस्तर में बदलाव देने की संवेदनाएं देखी हैं। इस विचार को आकार देने के लिए ही उन्होंने विधायक बनने से पहले अहिंसा ग्राम की स्थापना की, जिसमें उन्होंने सौ परिवारों का जीवनस्तर सुधारने का बडा काम किया है।
यह विचार भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश चुनाव संयोजन समिति अध्यक्ष और केन्द्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री श्री नरेन्द्रसिंह तोमर ने रतलाम शहर में भाजपा विधानसभा प्रत्याशी श्री चेतन्य काश्यप के समर्थन में आयोजित आमसभा में व्यक्त किए। नाहरपुरा क्षेत्र में आयोजित इस आमसभा में श्री तोमर ने उपस्थित जनसमुदाय को प्रदेश में चौथी बार भाजपा की सरकार बनाने एवं रतलाम से पार्टी प्रत्याशी श्री काश्यप को भारी मतों से जिताने का संकल्प दिलाया । उन्होंने कहा कि मैं पहले कई बार रतलाम आया, यहां रात में सभा का चलन है । मुझे संशय था कि दिन में सभा होगी तो लोग जुटेंगे या नहीं, पर आप लोगों की संख्या ने मुझे अभिभूत कर दिया है। आज प्रदेश में जहां भी जाऊंगा, रतलाम की सभा की सफलता की चर्चा जरूर करुंगा ।
श्री तोमर ने कहा कि इस क्षेत्र की जनता का जितना भी अभिनन्दन किया जाए, कम है क्योंकि एकतरफा प्यार हर जगह नहीं मिलता। प्रदेश में एकमात्र उज्जैन संभाग ही ऐसा है, जिसने भारतीय जनता पार्टी को 29 में से 28 सीटें जीताकर समर्थन दिया। रतलाम में श्री चेतन्य काश्यप ने इतने काम करवाए हैं कि यदि वे उसे बताने लगे तो घंटों लग जाएंगे। मुझे लगता है विकास कार्य बताने का सिलसिला तो आज शुरू हुआ है।
आमसभा को संबोधित करते हुए भाजपा प्रत्याशी व रतलाम शहर के जननेता श्री चेतन्य काश्यप ने कहा कि भाजपा ने मुझ पर विश्वास कर पांच वर्ष पूर्व रतलाम शहर से प्रत्याशी बनाया, आप लोगों ने जिताया। इसी वजह से मैं मातृभूमि का कायाकल्प करने में सफल हुआ । आज रतलाम के मेडिकल कालेज में 150 बच्चे पढ रहे हैं जिनमें 5 रतलाम के हैं । रतलाम के नमकीन क्लस्टर में 105 उद्योग लगने वाले हैं जिनमें से 5 का मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान शिलान्यास कर चुके हैं। आने वाले दो सालों में क्लस्टर से 5 हजार रोजगार उपलब्ध होंगे।
श्री काश्यप ने कहा कि जब मैं पहला चुनाव लडा था तभी संकल्प लिया था कि गरीबों को पक्के मकान उपलब्ध करवाऊँगा। रतलाम के 1500 परिवारों को ढाई-ढाई लाख रुपए पक्का मकान बनाने के लिए मिले हैं। 3440 नए मकानों की स्वीकृति मिल चुकी है। आवासहीन मध्यमवर्गीय 4000 परिवारों के लिए डोसीगांव और बंजली में मकान तैयार हो रहे हैं। अगले 6 माह में इन मकानों को सौंप दिया जाएगा। 70 साल पहले रतलाम मालवा-निमाड का प्रमुख औद्योगिक केन्द्र था। यहां गोल्ड काम्पलेक्स की स्थापना के बाद सोने-चांदी के कारोबार में दस गुना वृद्धि होगी।
श्री काश्यप ने कहा कि जिला अस्पताल के प्रसूति वार्ड की एक छत गिरी तो हमने माताओं के लिए नया अस्पताल बनवा दिया। आजादी के पूर्व बने जिला चिकित्सालय का भी पुनर्निर्माण करने पर काम शुरू हो गया है। यहां 300 बेड का नवीन अस्पताल भवन का भी निर्माण होगा। हमने भविष्य को देखते हुए शहर में आधार तैयार किया है। रतलाम शहर के परिणाम और काम निश्चित ही जिले की पांचों सीटों को प्रभावित करेंगे। शहर को बदलने के लिए बडी दृष्टि चाहिए, सम्बल व ताकत चाहिए। मुझे भाजपा ने निमित्त के रुप में चुना है। आपका आशीर्वाद मिला तो निश्चित ही नया रतलाम बनाएंगे।
श्री तोमर व श्री काश्यप के साथ ही आमसभा को भाजपा जिलाध्यक्ष श्री कानसिंह चौहान ने भी सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि रतलाम जिले में भाजपा के पक्ष में लोगों में उत्साह है। पिछली बार भी हमने जिले की पांचों सीटें जीती थी और इस बार भी पांचों विधायक भाजपा से ही होंगे। सभा को विधानसभा संयोजक प्रेम उपाध्याय, निगम अध्यक्ष अशोक पोरवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष कन्हैयालाल मौर्य, बजरंग पुरोहित, चुनाव प्रबंधन प्रभारी दिनेश शर्मा, जिला महामंत्री प्रदीप उपाध्याय, कार्यालय मंत्री राकेश मिश्रा, चिकित्सा प्रकोष्ठ प्रदेश सहसंयोजक डा. राजेश शर्मा ने सम्बोधित किया। सभा में महापौर डा. सुनीता यार्दे, कृषक आयोग अध्यक्ष ईश्वरलाल पाटीदार, मण्डल अध्यक्ष रमेश बदलानी, संतोष पोरवाल, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष सोनू यादव, पूर्व महापौर शैलेन्द्र डागा, आशा मौर्य, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रामस्वरुप गुर्जर, भाजपा जिला उपाध्यक्ष जुझारसिंह, अजा मोर्चा के जिलाध्यक्ष नन्दकिशोर तोषावडा, अल्पसंख्यक मोर्चा के इब्राहिम शैरानी, झुग्गी प्रकोष्ठ प्रदेश सहसंयोजक अनीता कटारिया, जिला संयोजक बंटी बोहरा, गोविन्द काकानी, विजय कसेरा, गोपाल शर्मा आदि मंचासीन थे। संचालन जिला महामंत्री मनोहर पोरवाल ने किया। आभार मण्डल अध्यक्ष जयवन्त कोठारी ने माना।

You missed

error: Content is protected !!