• Fri. Aug 7th, 2026

MP में जीका वायरस को लेकर अलर्ट, गर्भवती महिलाएं राजस्थान न जाएं

BySurendra Jain

Nov 1, 2018

भोपाल। जीका वायरस समेत मच्छरों से होने वाली अन्य बीमारियों से निपटने की तैयारियां देखने भारत सरकार की एक टीम मंगलवार से प्रदेश दौरे पर है। टीम में डॉक्टर व मच्छर जनित बीमारियों के विशेषज्ञ शामिल हैं। टीम ने प्रदेश में स्वास्थ्य विभाग के अफसरों के साथ बैठक कर जीका वायरस को लेकर सतर्क रहने को कहा है। टीम के सदस्यों ने सलाह दी है कि स्वास्थ्य विभाग इस बात का प्रचार-प्रसार करे कि गर्भवती महिलाएं जीका प्रभावित राजस्थान न जाएं। इसकी वजह यह है कि इस बीमारी से प्रभावित होने पर गर्भस्थ शिशु भी संक्रमित हो सकता है। टीम ने यह भी कहा है यह बीमारी डेंगू फैैलाने वाले मच्छरों से होती है, जो मध्यप्रदेश के सभी जिलों में हैं। इस बीमारी के लक्षण भी डेंगू जैसे ही होते हैं, इसलिए विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। टीम में नेशनल सेंटर फॉर डिसीज कंट्रोल (एनसीडीसी), इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) और नेशनल वेक्टर बॉर्न डिसीज कंट्रोल प्रोग्राम (एनवीडीसीपी) के अधिकारी शामिल हैं। टीम ने भोपाल के हमीदिया, जेपी और कमला नेहरू गैस राहत अस्पताल के अलावा सीहोर के जिला अस्पताल का निरीक्षण किया है।

टीम के सदस्यों ने जीका वायरस को लेकर विभाग की तैयारियों और कमियों की जानकारी ली। टीम ने स्वास्थ्य विभाग के अफसरों को आगाह किया है कि मप्र के पड़ोसी राज्य राजस्थान में दो महीने के भीतर जीका वायरस के 144 केस आ चुके हैं। लिहाजा राजस्थान से आने वाले लोगों पर खास नजर रखने जरूरत है।

जीका के लक्षण

बुखार, शरीर में चकत्ते, आंखों के पिछले हिस्से, जोड़ों और मांसपेशियों में दर्द, आंखें लाल होना।

You missed

error: Content is protected !!