नई दिल्ली : तेलुगूदेशम पार्टी के अध्यक्ष तथा आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने गुरुवार को नई दिल्ली में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के मुखिया शरद पवार तथा नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रमुख डॉ फारुक अब्दुल्ला से मुलाकात के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, भविष्य का कार्यक्रम मिल-बैठकर तय किया जाएगा। इस दौरान तीनों बड़े नेताओं ने एक स्वर में कहा कि आज लोकतंत्र खतरे में है और सभी विपक्षी दलों को एक साथ आना चाहिए।बता दें कि चंद्रबाबू नायडू बीते कुछ समय से गैर बीजेपी दलों को एकजुट कर महा गठबंधन की कवायद में जुटे हैं। माना जा रहा है कि तेलंगाना में कांग्रेस और टीडीपी गठबंधन कर सकती है। अगर ऐसा होता है तो कांग्रेस का दक्षिण में यह दूसरा बड़ा गठबंधन होगा। क्योंकि इससे पहले कर्नाटक जेडीएस के साथ कांग्रेस का गठबंधन है। शरद पवार ने कहा कि आज देश की संवैधानिक संस्थाओं पर हमला हो रहा है सुप्रीम कोर्ट के बाद सीबीआई और आरबीआई में क्या हो रहा है देश की जनता सब देख रही है लोकतंत्रिक संस्थाओं पर हो रहे हमले को रोकने के लिए सबको साथ आना चाहिए।
