रतलाम। जिला शांति समिति की बैठक आज स्थानीय पुलिस कंट्रोल रूम पर संपन्न हुई। बैठक में आगामी ईद मिलादुन्नबी तथा दीपावली त्योहारों के अवसर पर की जाने वाली व्यवस्थाओं के संबंध में सदस्यों को जानकारी दी गई। जिला दंडाधिकारी श्रीमती रुचिका चौहान ने बैठक में कानून व्यवस्था तथा अन्य जरूरी इंतजामों के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया। इस अवसर पर एसपी गौरव तिवारी, जितेन्द्र सिंह चौहान, एसडीएम शहर राहुल धोटे सीएसपी विवेक सिंह चौहान, शहर काजी अहमद अली तथा शांति समिति के सदस्यगण उपस्थित थे।
बैठक में ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर आयोजित किए जाने वाले मार्ग की जानकारी तथा की जाने वाली व्यवस्थाओं के बारे में बताया गया। इस दौरान यह भी निर्देश दिए गए कि साफ-सफाई, सड़कों के पेच वर्क, प्रकाश इत्यादि व्यवस्था संबंधित विभाग द्वारा की जाए। दीपावली के अवसर पर की जाने वाली व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए बताया कि शहर के व्यस्ततम बाजारो माणक चौक, चांदनी चौक आदि क्षेत्रों में सुबह 9 बजे से रात्रि 9 बजे तक नो व्हीकल जोन बनाया जाएगा। कलेक्टर ने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़कों पर पैच वर्क के लिए शहर एसडीएम तथा सीएसपी से चर्चा करके स्थान चिन्हाकन किया जाए। दीपावली त्यौहार के अवसर पर आतिशबाजी विक्रय हेतु दिए जाने वाले लाइसेंस के संबंध में राहुल धोटे ने बताया कि इस बार डिजिटलाइज लॉटरी सिस्टम द्वारा लाइसेंस प्रदाय किए जा रहे हैं। बैठक में अन्य मुद्दों पर भी चर्चा की गई। कलेक्टर श्रीमती रूचिका चौहान ने कहा कि दीपावली के अवसर पर बाजार में नीचे बैठकर फुटकर व्यवसाय करने वाले व्यक्तियों के लिए भी बैठक व्यवस्था युक्तियुक्तकरण किया जाएगा। सदस्यों द्वारा भी बैठक में सुझाव प्रस्तुत किए गए। अपर कलेक्टर जितेन्द्र सिंह चौहान ने त्यौहारों पर की जाने वाली व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
जिला शांति समिति की बैठक में आगामी त्योहारों की व्यवस्थाओं पर हुई चर्चा, त्यौहारों के अवसर पर आवश्यक व्यवस्थाए समय पूर्व की जाए : कलेक्टर
