उज्जैन। भूखी माता बायपास पर शनिवार देर रात बाइक पेड़ से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई और तीसरे ने इंदौर में दम तोड़ दिया। तीनों दोस्त थे और इंदौर से जावरा चेहल्लुम में जाने के लिए निकले थे। घटनास्थल पर पेड़ पर खून के निशान मिले हैं। महाकाल पुलिस को आशंका है कि तेज गति के कारण बाइक असंतुलित होकर पेड़ से टकरा गई।
टीआई राकेश मोदी ने बताया कि इमरान पिता फारूख मंसूरी (35) निवासी गली नंबर एक जूना रिसाला इंदौर, उमर उर्फ सलीम पिता शौकत अली (46) निवासी सिकंदर का बाड़ा इंदौर व आमिर पिता अलाउद्दीन निवासी साउथ गाडऱाखेड़ी इंदौर शनिवार रात करीब 10 बजे इमरान की बाइक से जावरा चेहल्लुम में जाने के लिए निकले थे।
रात करीब 12 बजे भूखी माता बायपास पर तेज गति में बाइक पुल के समीप खजूर के पेड़ से टकरा गई। इससे इमरान और उमर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं आमिर को गंभीर हालत में इंदौर एमवाय अस्पताल में रैफर किया गया, जहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
राहगीरों ने बताया कि बाइक पड़ी है
मुल्लापुरा नाका स्थित पुलिस चेक पोस्ट पर रात करीब 12 बजे एक वाहन चालक ने पुलिस को बताया कि बायपास पर एक बाइक पड़ी है, मगर वहां कोई दिख नहीं रहा है। इस पर पुलिस जवान मौके पर पहुंचे तो इमरान और उमर के शव सड़क किनारे गड्ढे में मिले। वहीं आमिर गंभीर हालत में जख्मी था। इस पर उसे 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया। जहां से उसे इंदौर रैफर कर दिया गया था।
मोबाइल से हुई शिनाख्त
पुलिस को घटनास्थल पर मोबाइल मिला था। इसमें दर्ज नंबरों पर पुलिस ने कॉल किए और मृतकों के परिजन को हादसे की जानकारी दी। देर रात ही परिजन इंदौर से उज्जैन आ गए। सुबह इमरान और उमर के शवों का पीएम करा पुलिस ने परिजन को सौंप दिए।
सिंहस्थ 2016 के मद्देनजर बनाए गए भूखी माता बायपास पर पुल के समीप आए दिन हादसे होते रहते हैं। वाहन तेज गति में होने के कारण टर्न पर असंतुलित हो जाते हैं। इससे दुर्घटनाएं हो रही हैं। उल्लेखनीय है कि बीते दिनों इसी टर्न पर बस पलट गई थी। जिससे दो लोगों की मौत हुई थी। वहीं एक कार के टकराने के कारण भी दो लोग मौत का शिकार हो चुके हैं।
इंदौर से जावरा जा रहे तीन दोस्तों की बाइक पेड़ से टकराई, मौत
