भोपाल। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर शहर में पुलिस द्वारा की जा रही वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने 15 लाख 70 हजार रुपए नकद जब्त किए। इस कार्रवाई में हमीदिया रोड पर मशहूर शायर राहत इंदौरी के पास एक लाख रुपए मिले। उनकी पुलिस से नोंक-झोंक भी हुई। रुपयों के बारे में तस्दीक होने के बाद पुलिस ने उन्हें रुपए वापस कर जाने दिया।हनुमानगंज थाना प्रभारी सीएस रघुवंशी ने बताया कि हमीदिया रोड पर शाम करीब 4:30 बजे तलाशी के दौरान कार में सवार व्यापारी संजय बाधवानी के पास 5 लाख रुपए, पोल्ट्री फार्म मालिक सलीम खान की जीप से ढाई लाख रुपए नकद बरामद किए।
इस दौरान एक सेंट्रो कार में सवार शायर राहत इंदौरी के पास एक लाख रुपए नकद मिले। रुपयों के बारे में पूछताछ करने पर वे नाराज होने लगे। उनका आरोप था कि इस तरह की चेकिंग से आम आदमी परेशान हो रहे हैं।
उन्होंने बताया कि वे एक कार्यक्रम में प्रस्तुति देकर आ रहे हैं,यह रुपए संस्था ने ही उन्हें दिए हैं। इस बात की तस्दीक के लिए उन्होंने फोन पर एडीजी पवन जैन से बात भी करवाई। इसके बाद उन्हें बरामद रुपए देकर जाने दिया गया। उधर हबीबगंज में 1 लाख 74 हजार, चूनाभट्टी में 1 लाख 76 हजार, टीटी नगर में 3लाख 20 हजार और बैरसिया में डेढ़ लाख रुपए बरामद किए गए।
