खबर पक्की, 27 नवंबर, रतलाम। जिले के कालूखेड़ा थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर पानी के टैंकर और बाइक की भिड़ंत में कक्षा 10वीं के दो छात्रों की मौत हो गई। दोनों छात्र स्कूल में छमाही परीक्षा का पेपर देकर घर लौट रहे थे। हादसे के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया। टैंकर चालक को गिरफ्तार नहीं किए जाने से नाराज परिजन दोनों छात्रों के शव कालूखेड़ा में रखकर सड़क पर बैठ गए और कार्रवाई की मांग करने लगे।
मृतकों की पहचान अजय पिता किशोर और मनोज पिता अमृतकुमार निवासी ग्राम नवेली, थाना कालूखेड़ा क्षेत्र के रूप में हुई है। दोनों कालूखेड़ा के शासकीय विद्यालय में कक्षा 10वीं में पढ़ते थे। शुक्रवार को उनका हिंदी का छमाही परीक्षा का पेपर सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक निर्धारित था। पेपर जल्दी समाप्त होने पर दोनों दोपहर करीब 12.30 बजे बाइक से घर के लिए रवाना हो गए।
कालूखेड़ा से करीब दो किलोमीटर दूर बागिया गांव के पास दोपहर करीब 1 बजे उनकी बाइक पानी के टैंकर से टकरा गई। हादसे में अजय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर घायल मनोज को पहले जावरा और फिर रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। यहां उपचार के दौरान शाम को मनोज ने भी दम तोड़ दिया। अजय का पोस्टमार्टम जावरा में किया गया, जबकि मनोज का पोस्टमार्टम रतलाम मेडिकल कॉलेज में हुआ। शाम करीब 6 बजे दोनों छात्रों के परिजन शव लेकर कालूखेड़ा पहुंचे और सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजन पानी के टैंकर को जब्त करने और चालक को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं। क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।
पानी के टैंकर की टक्कर से बाइक सवार दो छात्रों की मौत, परिजनों ने शव रखकर किया प्रदर्शन
