• Fri. Nov 27th, 2026

जर्जर भवन में संचालित कन्या आश्रम 15 दिन में होगा स्थानांतरित, कलेक्टर ने बड़ावदा में छात्रावासों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का किया निरीक्षण

BySurendra Jain

Nov 27, 2026

खबर पक्की, 27 नवंबर, रतलाम। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर अजय कटेसरिया ने बड़ावदा में अनुसूचित जाति सीनियर बालक छात्रावास, विमुक्त जाति कन्या आश्रम छात्रावास एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
विमुक्त जाति कन्या आश्रम छात्रावास के जर्जर भवन को देखते हुए कलेक्टर ने छात्रावास को 15 दिन के भीतर अन्य भवन में स्थानांतरित करने के निर्देश दिए। इसके लिए पुराने उप स्वास्थ्य केंद्र भवन को उपयुक्त विकल्प मानते हुए आवश्यक योजना तैयार करने को कहा। उन्होंने छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए।
अनुसूचित जाति सीनियर बालक छात्रावास के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यार्थियों से भोजन की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्थानीय लोगों ने नर्सिंग स्टाफ की कमी का मुद्दा उठाया। इस पर कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही अस्पताल परिसर का सीमांकन कराकर अवैध अतिक्रमण हटाने तथा पक्के अतिक्रमण को प्राथमिकता से हटाने के लिए एसडीएम को निर्देशित किया।
कलेक्टर ने अस्पताल में प्रसव, बाह्य रोगी विभाग की व्यवस्था और पंजियों का अवलोकन किया। उन्होंने चिकित्सकों की ड्यूटी दिवसवार निर्धारित करने के निर्देश दिए, ताकि स्वास्थ्य सेवाएं सुचारू रूप से संचालित हो सकें। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ वैशाली जैन, एसडीएम विवेक सोनकर सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

You missed

error: Content is protected !!