खबर पक्की, 27 नवंबर, रतलाम। रतलाम-बदनावर मार्ग स्थित बिलपांक टोल प्लाजा पर आए दिन लगने वाले जाम और वाहन चालकों की परेशानी को देखते हुए यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा। कलेक्टर अजय कटेसरिया ने शुक्रवार को टोल प्लाजा का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। नई व्यवस्था के तहत वर्तमान में संचालित 8 गेटों की संख्या बढ़ाकर 9 की जाएगी। साथ ही टोल प्लाजा पर बनी वीआईपी लेन को समाप्त कर सामान्य यातायात व्यवस्था में शामिल किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने टोल पर लगने वाले जाम के कारणों की जानकारी ली। सामने आया कि कैश भुगतान करने वाले और फास्टैग का उपयोग करने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग लेन नहीं होने से परेशानी होती है। कैश भुगतान में लगने वाले समय के कारण फास्टैग वाले वाहनों को भी कतार में इंतजार करना पड़ता है। इससे टोल पर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। इस समस्या को दूर करने के लिए कलेक्टर ने कैश और फास्टैग लेन अलग-अलग करने के निर्देश दिए।
रतलाम-बदनावर मार्ग पर होंगे 5 गेट
नई व्यवस्था के अनुसार रतलाम से बदनावर की ओर जाने वाले मार्ग पर कुल 5 गेट संचालित होंगे। इनमें 3 गेट पूरी तरह फास्टैग वाहनों के लिए निर्धारित रहेंगे, जबकि 2 गेट कैश एवं हाइब्रिड लेन के रूप में संचालित किए जाएंगे। हाइब्रिड लेन में कैश भुगतान करने वाले वाहनों के साथ फास्टैग वाले वाहन भी निकल सकेंगे। इसी प्रकार बदनावर से रतलाम की ओर आने वाले मार्ग पर कुल 4 गेट रहेंगे। इनमें 2 गेट फास्टैग वाहनों के लिए तथा 2 गेट कैश एवं हाइब्रिड लेन के रूप में संचालित होंगे। इस तरह दोनों ओर मिलाकर टोल प्लाजा पर कुल 9 गेट हो जाएंगे।
वीआईपी लेन होगी समाप्त
कलेक्टर ने टोल प्लाजा के बीच में बनाई गई वीआईपी लेन को समाप्त कर उसे रतलाम से बदनावर जाने वाले मार्ग की सामान्य यातायात व्यवस्था में शामिल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वीआईपी लेन की आवश्यकता नहीं है। इसके स्थान पर आम वाहन चालकों की सुविधा और यातायात का सुचारू संचालन प्राथमिकता होना चाहिए।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को पूरी नई व्यवस्था आगामी 10 दिनों के भीतर लागू करने के निर्देश दिए। व्यवस्था लागू होने के बाद कैश और फास्टैग वाहनों की कतारें अलग-अलग रहेंगी, जिससे टोल पर अनावश्यक भीड़ और जाम की स्थिति कम होगी तथा वाहन चालकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
बिलपांक टोल पर खत्म होगी वीआईपी लेन, अब 8 की जगह होंगे 9 गेट, कैश और फास्टैग वाहनों के लिए अलग-अलग लेन की व्यवस्था, 10 दिन में लागू होंगे नए बदलाव
