• Thu. Aug 6th, 2026

चुनावों की गहमागहमी के बीच केंद्रीय मंत्रिपरिषद की बैठक बुधवार को

BySurendra Jain

Oct 23, 2018

नई दिल्ली। पांच राज्यों में विधानसभा चुनावों की गहमागहमी के बीच बुधवार को केंद्रीय मंत्रिपरिषद की बैठक हो रही है। इस दौरान चुनावी तैयारियों पर विशेष रूप से फोकस किया जाएगा। केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया जाएगा। केंद्र की राजग सरकार में सहयोगी दलों के मंत्रियों से भी विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। बुधवार सुबह 10 बजे कैबिनेट की संक्षिप्त बैठक के तत्काल बाद 10.30 बजे वृहद मंत्रिपरिषद की बैठक बुलाई गई है। इस दौरान चुनावी तैयारियों और चुनाव में उठाए जाने वाले मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होगी। हर गरीब के रसोई घर को धुआं मुक्त करने वाली उज्ज्वला योजना पर विशेष रूप से चर्चा होगी।

केंद्र सरकार की इस अहम योजना उज्जवला के तहत पांच करोड़ से अधिक लोगों को मुफ्त रसोई गैस कनेक्शन मुहैया कराए गए हैं। योजना की लोकप्रियता को भुनाने और आम लोगों तक तथ्यपूर्ण जानकारी पहुंचाने के लिए केंद्रीय मंत्रियों को तथ्यों से लैस किया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक, मंत्रिपरिषद की बैठक में उज्जवला योजना के साथ-साथ जल संसाधन विषय पर विस्तृत प्रस्तुति दी जाएगी। जल संसाधन के क्षेत्र में भूजल, जल संरक्षण, बारिश के पानी को रोकने और नदियों व जलाशयों में पानी की स्थिति पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

You missed

error: Content is protected !!