सोना-चांदी आभूषण की दो फर्मों पर आयकर विभाग की कार्रवाई दूसरे दिन भी जारी रही। आयकर अधिकारियों ने दोनों फर्मों के स्टॉक और बिक्री रजिस्टर का मिलान किया। इसके अलावा 8 नवंबर के बाद से दोनों दुकानों के वीडियो फुटेज की बारीकी से जांच की। 8 नवंबर की रात 8 बजे के बाद दोनों ही दुकानों पर जितना लेनदेन हुआ है, उस पर खास नजर रखी गई। इस दौरान जितने भी बड़े ग्राहक दुकानों पर पहुंचे थे, आयकर विभाग ने उनकी भी जांच शुरू की है।
आयकर की इन्वेस्टिगेशन टीम मंगलवार शाम 4 बजे चांदनी चौक में कटारिया ज्वैलर्स और डीपी ज्वैलर्स पर जांच के लिए पहुंची थी। इन्वेस्टिगेशन टीम में इंदौर, उज्जैन के आयकर अधिकारी शामिल हैं। बुधवार रात तक भी दोनों ही दुकानों पर जांच जारी रही।
दोपहर के समय दाेनों ही दुकानों के संचालकों को आयकर टीम के सदस्यों ने बताया था कि उनके बड़े अधिकारी रतलाम पहुंचने वाले हैं हालांकि बुधवार शाम तक उक्त अधिकारी शहर नहीं पहुंच सके। कार्रवाई पूरी नहीं हो पाने के कारण आयकर टीम के सदस्यों ने फिलहाल सोने की खरीदी-बिक्री संबंधी कोई अधिकृत खुलासा नहीं किया।
बाजार में सन्नाटा, कई दुकानों के ताले नहीं खुले
चांदनी चौक की दो प्रतिष्ठित फर्मों पर आयकर विभाग की कार्रवाई के दौरान बुधवार को भी बाजार में सन्नाटा पसरा रहा। चांदनीचौक में केवल शादी-ब्याह संबंधी छिटपुट कारोबार हुआ। बाजार की कई दुकानों के तो ताले भी नहीं खुले। जो व्यापारी दुकानों पर पहुंचे, वे भी अलग-अलग समूह बनाकर दिनभर कार्रवाई की चर्चा करते रहे।
स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम की कार्रवाई, बता नहीं सकते हैं
”स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम की कार्रवाई है, इसमें सभी दूसरे शहरों से आए कर्मचारी, अधिकारी लगे हैं। कार्रवाई बुधवार रात तक भी जारी रही। अब तक क्या कुछ मिला है, इसकी पुख्ता जानकारी नहीं है। कार्रवाई समाप्त होने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।अब कुछ साझा नहीं कर सकते।” इला परमार, आयकर आयुक्त
