रतलाम। मध्यप्रदेश भाजपा संगठन में लगता है अब संगठन पर संबंध हावी होते जा रहे है। कल भाजपा के रतलाम जिला चिकित्सा प्रकोष्ठ के जिला संयोजक पद से हटाए गये डॉ. दीपक गुप्ता को प्रदेश कार्यकारिणी में लेने से तो ऐसा ही प्रतीत होता है। उल्लेखनीय है कि डॉ. दीपक गुप्ता को संगठन ने उनकी निष्क्रियता के चलते पद से विमुक्त किया गया था और उनकी जगह भाजपा जिला चिकित्सा प्रकोष्ठ का संयोजक डॉ. अरुण पुरोहित को बनाया था। पूर्व में भी डॉ. दीपक गुप्ता की अनिच्छा के बावजूद उनको भाजपा जिला चिकित्सा प्रकोष्ठ का संयोजक बनाया गया था अब पुन: उनको जिले से हटाकर प्रदेश में समायोजित करने से ऐसा लगता है कि संगठन में बैठे कुछ लोग संबंधों के आधार पर नियुक्तियां कर रहे हैं। यही कारण है कि जिस व्यक्ति को निष्क्रियता के चलते जिले से हटाया गया था उसी को नए जिला संयोजक के ऊपर प्रदेश स्तरीय कार्यकारिणी में पद देकर नए जिला संयोजक के कद को घटा दिया गया है। खैर जो भी हो यह भाजपा संगठन का अंदरुनी मामला है, किंतु निश्चित ही जिस प्रकार यह नया नियुक्ति आदेश जारी हुआ है वह जनता में चर्चा का विषय बना हुआ है और इससे निश्चित तौर पर नए जिला संयोजक के पद और प्रतिष्ठा पर आघात हुआ है।
