रतलाम। रतलाम स्टेशन से सुबह इंदौर के लिए रवाना हुई डेमू पैसेंजर ट्रेन के इंजन में रुनिजा स्टेशन पर खराबी आ गई। इससे दो घंटे तक ट्रेन वहीं खड़ी रही। रतलाम से दूसरा इंजन भेजा गया, तब जाकर ट्रेन इंदौर के लिए रवाना हो सकी। इस बीच यात्री पर परेशान होते रहे।
ट्रेन में दैनिक यात्रियों के अलावा छात्र भी सवार थे। ट्रेन लेट होने से रेल प्रशासन ने डेमू का इंदौर-आंबेडकर नगर के बीच का फेरा निरस्त कर दिया। इससे ट्रेन वापसी में इंदौर से रतलाम के लिए नियत समय पर रवाना कर दी गई। मेंटेनेंस महू में किया जा रहा है। इसके बाद भी इंजन में खराबी से सवाल खड़े होने लगे हैं।
रतलाम से यह ट्रेन सुबह 6.35 बजे रवाना होकर 7.20 बजे रुनिजा स्टेशन पहुंची, तभी इंजन ने काम करना बंद कर दिया। ट्रेन को रुनिजा स्टेशन पर रोका गया। स्टेशन मास्टर ने कंट्रोल में मैसेज किए गए। तब दूसरे इंजन बुलवाने के इंतजाम किए गए। रतलाम से रुनिजा स्टेशन तक इंजन आने में करीब दो घंटे लग गए। सुबह करीब 10 बजे दूसरा इंजन मौके पर पहुंचे। तब इसे शंटिंग कर ट्रेन को रवाना किया गया।
डीआरएम को किया ट्वीट
इंजन में खराबी और दूसरे इंजन के आने में देरी के चलते यात्रियों ने डीआरएम को ट्वीट भी कर दिया। अलकापुरी निवासी छात्र नैतिक पुरोहित ने ट्वीट में कहा कि उसे कॉलेज में प्रवेश के बाद उसका पहला दिन था, समय पर क्लास अटैंड करना थी। दो घंटे रुनिजा में ही खराब हो गए। रतलाम से रुनिजा की नॉन स्टॉप दूरी मात्र 30 से 40 मिनट की है, लेकिन दो घंटा इंतजार करना पड़ा। हालांकि डीआरएम ने जवाब में असुविधा के लिए खेद जताते हुए तुरंत ही दूसरे इंतजाम करने का मैसेज भेजा।
आंबेडकर नगर का फेरा निरस्त
इंदौर पहुंचने के बाद इस ट्रेन का आंबेडकर नगर महू तक फेरा रहता है। ट्रेन संख्या 79311-12 का फेरा निरस्त कर इसे इंदौर से ही नियत समय के लिए चलाया गया।
इंजन में खराबी से दो घंटे रुनिजा में खड़ी रही डेमू पैसेंजर ट्रेन, यात्री हुए परेशान
