रतलाम। जिले के पिपलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम नांदलेटा निवासी तीन युवक इप्का फेक्टरी में कार्य कर सोमवार देर रात को गांव लौट रहे थे। उसी दौरान सैलाना और भैंसाना के बीच निर्माणाधीन पुलिया पर वह हादसे का शिकार हो गए। दुर्घटना में घनश्याम पिता नंदराम उम्र 27 वर्ष की मौत हो गई, जबकि गोवर्धन पिता अंबाराम एवं रामपाल पिता मोहनलाल घायल हो गए। मंगलवार सुबह ग्राम नांदलेटा के सरपंच सहित बडी संख्या में ग्रामीण सैलाना पहुंचे और निर्माणाधीन पुलिया के ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर किए जाने के बाद ही शव उठाने की बात कही। यहां पुलिस ने उन्हे काफी समझाया और शांत कर रवाना किया। आक्रोशित ग्रामीणों ने घटना स्थल पर शव रखकर प्रदर्शन करने की बात कही।
