नई दिल्ली। मौसम विभाग द्वारा देश के 13 राज्यों में मौसम को लेकर जारी अलर्ट के बाद सोमवार को बीकानेर से शुरू हुआ धूलभरी आंधी का नया दौर आधी रात के करीब दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद तक पहुंच गया। करीब 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवा ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। इसके बाद राजधानी में आज तेज बारिश की आशंका जताई जा रही है।
मौसम को देखते हुए दिल्ली व एनसीआर में आज दूसरी पारी के सभी स्कूल बंद रहेंगे वहीं हरियाणा में पहले से ही दो दिन के लिए स्कूलों की छुट्टी घोषित की गई है। मौसम विभाग ने मंगलवार दोपहर बाद देश के 13 राज्यों में मौसम बिगड़ने व आंधी-तूफान के अलावा कुछ हिस्सों में बारिश की चेतावनी दी है।
कई पेड़ गिरे, एंबुलेंस में आग से दो जिंदा जले
तेज हवाओं के चलते दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद में कई पेड़ धराशाई हो गए वहीं बिजली आपूर्ति बंद हो गई। वहीं दूसरी तरफ दक्षिण दिल्ली में तूफान के चलते एंबुलेंस में लगी आग के कारण दो एंबुलेंस जल गई वहीं इनमें सो रहे दो लोग जिंदा जल गए।
आज यहां खतरा
हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, झारखंड, सिक्किम, ओडिशा, तेलंगाना, पूर्वोत्तर के कुछ इलाके, केरल, कर्नाटक, राजस्थान और उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश में धूल भरी आंधी चलेगी।
100 से ज्यादा मौतें हुई थीं
पिछले सप्ताह आए आंधी-तूफान ने उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई हिस्से में तबाही मचाई। तूफान के कारण 100 से ज्यादा लोग मारे गए थे।
