इंदौर। लोकायुक्त पुलिस ने जिला आबकारी अधिकारी पराक्रम सिंह चंद्रावत के यहां अलसुबह दबिश दी। लोकायुक्त पुलिस की टीम ने चंद्रावत के इंदौर विजय नगर स्थित मकान और उज्जैन में पेट्रोल पंप समेत आठ जगह कार्रवाई की है। इनके खिलाफ लगातार आय से अधिक संपत्ति की शिकायत मिल रही थी। पुलिस चंद्रावत के घर पर दस्तावेज खंगाल रही है। जांच पूरी होने के बाद सामने आई संपत्ति का खुलासा होगा। सुबह अचानक हुई कार्रवाई से चंद्रावत के परिवार के लोग चौक गए। दो पेट्रोल पंपों पर भी दस्तावेजों की जांच जारी है। रतलाम के जावरा में इनके वेयर हाउस और तेल के टैंकर मिले हैं। धार में कार्रवाई के दौरान लोकायुक्त पुलिस ने आबकारी कार्यालय को ही सील कर दिया है। पराक्रम सिंह पूर्व मंत्री स्व. महेंद्रसिंह कालूखेड़ा के भतीजे हैं। बताया जा रहा है कि आबकारी अधिकारी के पास से 500 करोड़ रुपए की संपत्ति का खुलासा हो सकता है। चंद्रावत एक बार बिना सरकारी अनुमति के स्विट्जरलैंड और फ्रांस की यात्रा भी कर चुके हैं। आरटीआई कार्यकर्ता राजेंद्र गुप्ता ने शपथ पत्र देकर चंद्रावत के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति की शिकायत की थी।
