भोपाल। राज्य शासन द्वारा मध्यप्रदेश भू-राजस्व संहिता 1959 के अधीन बने नियमों की समीक्षा कर नियमों में संशोधन करने या नये नियम बनाने के लिए समिति बनाई गई है। समिति के अध्यक्ष आईएस दाणी, अध्यक्ष राज्य भूमि सुधार आयोग और उपाध्यक्ष हरिरंजन राव प्रमुख सचिव राजस्व विभाग होंगे। समिति में एम. सेल्वेन्द्रन आयुक्त भू-अभिलेख एवं बंदोबस्त, अशोक कुमार गुप्ता सदस्य सचिव, राज्य भूमि सुधार आयोग और सचिव राजस्व मंडल सदस्य होंगे। उपायुक्त डॉ. भारती गुप्ता संयोजक होंगी।
समिति पूर्व में गठित प्रारुपण समिति द्वारा प्रस्तावित मध्यप्रदेश भू-राजस्व संहिता (संशोधन) विधेयक 2018 के अनुसरण में प्रस्तावित संशोधनों के परिणामस्वरुप नियमों में संशोधन के प्रस्ताव प्राथमिकता से लेगी। समिति आवश्यकतानुसार अन्य विभागीय अधिकारियों को बैठकों में आमंत्रित कर सकेगी।
