रतलाम। उज्जैन संभाग के जिला सहकारी केन्द्रीय बैंकों के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारियों की बैठक अपेक्स बैंक के प्रशासक रमाकांत भार्गव की अध्यक्षता में जिला सहकारी बैंक मर्या. उज्जैन के सभागृह में आयोजित की गई। जिसमें मुख्य रूप से मुख्यमंत्री ऋण समाधान योजना एवं मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना को लेकर आने वाली कठिनाईयों एवं इसके प्रचार प्रसार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस संबंध में जिला सहकारी बैंक मर्या. रतलाम के अध्यक्ष अशोक चौटाला ने बताया कि जिले के 48432 कालातीत किसानों की ब्याज की राशि 89.00 करोड़ के लगभग मप्र सरकार द्वारा माफ की जावेगी। कालातीत किसानो को इस योजना का लाभ दिलाने के लिए योजना का व्यापक प्रचार प्रसार करने के लिए जिले की सभी समितियों में केम्प लगाये जायेंगे ताकि कालातीत किसानों को मुख्य धारा में लाकर 0 ब्याज दर पर फसल ऋण का लाभ मिल सके तथा वे नियमित किसानो की श्रेणी में आ सके। इस हेतु समितियों के अंतर्गत प्रत्येक गांव में कालातीत किसानो से संपर्क करने हेतु कार्य योजना भी बनाई जा रही है। इस अवसर पर रतलाम, मंदसौर, उज्जैन, देवास बैंक के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा अपेक्स बैंक शाखा भरतपुरी उज्जैन के शाखा प्रबंधक उपस्थित थे। उज्जैन संभाग की ओर अपेक्स बैंक के प्रशासक रमाकांत भार्गव का स्वागत किया गया है।
