रतलाम। पुलिस लाइन से चोरी हुई सरकारी बोलेरो गाड़ी पुलिस ने देवास शहर से बरामद कर ली है। यह गाड़ी एक आरक्षक ने ही चुराई थी। 4 माह पहले तक वह रतलाम जिले में ही पदस्थ था। खबर है कि गाड़ी चुराने के पीछे उसका मकसद विभाग के ही एक अन्य कर्मचारी से रंजिश निकालना था।
दो दिन पहले रतलाम पुलिस लाइन से बोलेरो गाड़ी चोरी हो गई थी। यह गाड़ी सरकारी है और फिलहाल स्पेशल ब्रांच में निरीक्षक जी.एल. श्रीवास्तव को आवंटित थी। पुलिस लाइन से टीआई रैंक के अधिकारी की गाड़ी चोरी हो जाने के मामले में रतलाम पुलिस का नाम खराब हुआ। एसपी अमित सिंह ने तो कई अधिकारियों को अल्टीमेटम तक दे दिया। रात 1.30 बजे गाड़ी चोरी हुई और उसके बिलपांक टोल नाके से पार होने की खबर भी पुख्ता हो गई थी। पुलिस ने इस मामले को साधारण चोरी का नहीं मानते हुए वर्तमान ड्राइवर की रंजिश के रूप में जांच को आगे बढ़ाया और यह सही भी निकला। आखिरकार स्टेशन रोड पुलिस गाड़ी तक पहुंच ही गई। रविवार दोपहर चोरी हुई बोलेरो को देवास की ताराणी कालोनी से जब्त कर लिया गया। इस गाड़ी की नंबर प्लेट बदल दी गई थी। इस मामले में देवास एसबी में पदस्थ एक आरक्षक ब्रजेश शर्मा को भी हिरासत में लिया गया है। फिलहाल उसकी विधिवत गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। यह आरक्षक 4 माह पहले तक रतलाम स्पेशल ब्रांच में ही पदस्थ था और वर्तमान ड्राइवर से उसकी रंजिश थी। चोरी करने वाले आरक्षक के पास इस गाड़ी की पहले से एक चाबी मौजूद थी।एसपी अमित सिंह के अनुसार चोरी का कारण पूछताछ के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। Chloewinecollection.com
