रतलाम। मप्र में मुख्यमंत्री के रूप में शिवराज सिंह चौहान का 12 साल का कार्यकाल पूरा होने पर एक ओर जहां भाजपा ने उत्सव मनाया, वहीं कांग्रेस ने विरोध जताया। शुक्रवार को जिला व शहर कांग्रेस ने संयुक्त रूप से 12 साल खस्ताहाल, प्रदेश बेहाल दिवस मनाया और विरोध रैली निकालकर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।
जिला व शहर कांग्रेस के प्रतिनिधि कोर्ट चौराहे पर एकत्रित हुए और यहां से रैली के रूप में नारेबाजी करते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। यहां डिप्टी कलेक्टर रणजीत सिंह को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली के खिलाफ विरोध जताया गया। जिला व शहर कांग्रेस अध्यक्षद्वय प्रभु राठौर, विनोद मिश्रा की अगुवाई में हुए इस विरोध प्रदर्शन में प्रमुख रूप से नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष यास्मिन शेरानी, निमिष व्यास, जगदीश पाटीदार, मंगल पाटीदार, अदिति दवेसर, संजय छाजेड़, विजय सिंह चौहान, अभिषेक शर्मा पार्षद हीतेश पेमाल आदि प्रमुख रूप से शामिल हुए।
नामली से लाए सीएम का पुतला, सीएसपी को चकमा देकर जलाया
कांग्रेस की विरोध रैली के ठीक बाद नामली नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष राजेश भरावा अपने समर्थकों के साथ जिला पंचायत कार्यालय के बाहर पहुंचे। वे गाड़ी में नामली से ही सीएम का पुतला लेकर आए थे। सीएसपी विवेक सिंह ने पुतला देखा तो उसे जलने से बचाने की जुगत में जुटे, इससे पहले कोई कुछ समझ पाता गाड़ी से पुतला निकालकर उसे जला दिया गया। इसके बाद कांग्रेसियों ने सीएम के खिलाफ नारेबाजी की।
