रतलाम। धामनोद के नजदीक खेड़ी गांव में शुक्रवार दोपहर मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी को लूट लिया। बदमाशों ने फाइनेंस कर्मचारी को चलती मोटरसाइकिल से धक्का दिया, जैसे ही वह गिरा बदमाश उसका बैग झपटकर भाग निकले। इस बैग में 37 हजार रूपए रखे हुए थे। सैलाना थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।
लूट की यह वारदात महेश पिता शंकरलाल निवासी शाजापुर के साथ हुई है। महेश रतलाम की माइक्रो फाइनेंस कंपनी में कलेक्शन का काम करता है। इस कंपनी का कार्यालय स्टेशन रोड पर है। शुक्रवार दोपहर महेश कलेक्शन के लिए निकला था। दो स्थानों से कलेक्शन के बाद महेश धामनोद से मोटर साइकल पर ग्राम दिवेल की और जा रहा था। रुपयों का बैग मोटर साइकल पर आगे रखा था। पुलिस के अनुसार ग्राम खेड़ी के आगे पीछे से बाइक सवार दो बदमाश आए और उससे रुपयों से भरा बैग छिन लिया और महेश को धक्का देकर गिरा दिया। वारदात के बाद बदमाश तेजी से भाग गए। वारदात 12 बजकर 40 मिनीट के लगभग की बताई जा रही है। वारदात की सूचना मिलने पर सैलाना एसडीओपी मानसिंह चौहान, सैलाना थाना प्रभारी माधवसिंह ठाकुर, धामनोद चौकी प्रभारी अखिलेश सिंगाड़, एएसआई शिवनाथसिंह चौहान सहित पुलिस बल मौके पर पहुंच गया था। बदमाशों की धरपकड़ के लिए संभावित स्थानों पर चैकींग भी लगाई गई, लेकिन कोई सफलता नहीं मिल पाई। सैलाना टीआई माधवसिंह ठाकुर के अनुसार फरियादी की शिकायत पर धारा 392 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। बदमाशों की तलाश की जा रही है।
