रतलाम। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अभिलाष पांडे शनिवार को रतलाम में रहेंगे। भाजयुमों प्रदेश अध्यक्ष मनोनित होने के बाद यह उनका पहला रतलाम दौरा है। शनिवार दोपहर 12 बजे वाहन रैली के साथ वे शहर में प्रवेश करेंगे और दोपहर 3 बजे नाहरपुरा चौराहे पर भाजयुमों प्रदेश अध्यक्ष की सभा होगी।
रतलाम जिले में भाजयुमों के नए अध्यक्ष के रूप में करीब 3 माह पहले सोनू यादव की नियुक्ति की गई है। सोनू यादव के लिए भी जिला अध्यक्ष के रूप में यह पहला बड़ा कार्यक्रम होगा। यादव के अनुसार जिले में पंचायतस्तर पर भाजयुमों की नई कार्यकारिणी गठन के बाद कार्यकर्ताओं में उत्साह फूंकने और प्रदेश व केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों के बीच ले जाने में भाजयुमों कार्यकर्ताओं की भूमिका नए सिरे से तय करने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम तय किया गया है। भाजयुमों प्रदेश अध्यक्ष श्री पांडे दोपहर 12 बजे सातरूंडा, सालाखेड़ी होते हुए शहर में आएंगे। सालाखेड़ी से वाहन रैली की शुरूआत होगी जो विभिन्न मार्गो से होते हुए नाहरपुरा चौराहे पर सभा के रूप में परिवर्तित हो जाएगी। वाहन रैली के स्वागत के लिए रास्ते में 50 से अधिक जगहों पर स्वागत मंच बनाए जाएंगे। भाजयुमों जिला अध्यक्ष यादव के अनुसार वाहन रैली व सभा में समूचे जिले से कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल होंगे। सभास्थल पर प्रदेश अध्यक्ष बालिका शिक्षा, महिलाओं के सम्मान व स्वच्छ भारत अभियान में श्रेष्ठ कार्य करने वाले जिले के चुनींदा लोगों का सम्मान भी करेंगे। शाम 4.30 बजे सर्किट हाउस पर कार्यकर्ताओं के अलावा मीडियाकर्मियों से बातचीत के बाद श्री पांडे रतलाम से रवाना होंगे।
एक सप्ताह में बन जाएगी जिला कार्यकारिणी
भाजयुमों जिला अध्यक्ष के रूप में सोनू यादव की नियुक्ति के बाद से ही जिला कार्यकारिणी के नए सिरे से गठन की चर्चाएं है। भाजयुमों जिला अध्यक्ष यादव के अनुसार एक सप्ताह के भीतर ही जिले की कार्यकारिणी का भी गठन कर लिया जाएगा। इस काम में देरी इसलिए हुई क्योंकि भाजयुमों का पंचायतस्तर तक संगठन पुर्नगठित करने और जिम्मेदारी तय करने को प्राथमिकता दी गई थी।
