रतलाम। महात्मा गांधी की हत्या करने वाले नाथूराम गोडसे का हिंदू महासभा द्वारा ग्वालियर में मंदिर बनाए जाने के मुद्दे पर कांग्रेस ने विरोध जताया है। शुक्रवार को पूरे प्रदेश के साथ ही रतलाम जिला मुख्यालय पर भी कांग्रेसियों ने मौन रखकर विरोध जताया और राज्यपाल व राष्ट्रपति के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग रखी।
शहर व जिले के कांग्रेस नेता दोपहर 2 बजे नगर निगम कार्यालय के सामने गांधी उद्यान में एकत्रित हुए और मौन रखकर महात्मा गांधी के प्रति श्रद्धा व्यक्त की। यहां से कांग्रेस के नेता पैदल विरोध मार्च निकालते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और एसडीएम शहर अनिल भाना को ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन के माध्यम से गोडसे के मंदिर का निर्माण करने वाले हिंदू महासभा के कथित पदाधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई। मौन विरोध प्रदर्शन और ज्ञापन देने वालों में प्रमुख रूप से शहर कांग्रेस अध्यक्ष विनोद मिश्रा, कार्रवाहक अध्यक्ष जेम्स चाको, वरिष्ठ पार्षद रजनीकांत व्यास, शांतिलाल वर्मा, सांसद प्रतिनिधि राजीव रावत, चंद्रप्रकाश पुरोहित, निमीष व्यास, संजय छाजेड़, साबिर हुसैन, विजय सिंह चौहान, शेरू पठान आदि शामिल थे।
