रतलाम। दो बत्ती कालाघोड़ा चौराहे पर स्थित एक मोबाइल शॉप में गुरूवार-शुक्रवार की दरमियानी रात चोरी हो गई। यह दुकान यातायात थाने के ठीक सामने है। चोर शटर का नकूचा तोड़कर भीतर घुसे और करीब 10 लाख रूपए कीमत के मोबाइल फोन चुरा ले गए। मोबाइल शो-रूम में क्लोज सर्किट कैमरा लगा है लेकिन चोर इसकी भी डीवीआर उठा ले गए।
जिस बिल्डिंग में चोरी हुई है वह रतलाम ग्रामीण विधायक रहे शांतिलाल अग्रवाल के परिवार की है। उन्होंने मोबाइल शॉप के लिए राजू गोलेचा को किराए पर दिया हुआ है। शुक्रवार सुबह मोबाइल शो-रूम वंसुधरा के कर्मचारी दुकान खोलने पहुंचे तब इस चोरी का पता चला। तत्काल ही पुलिस को सूचना दी गई। सीएसपी विवेक सिंह चौहान, टीआई अजय सारवान सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। एफएलएल दल बुलाया गया और शो-रूम के कर्मचारियों से भी पूछताछ की गई। सीएसपी विवेक सिंह चौहान के अनुसार चोर यहां से महंगे किस्म के फोन ही ले गए है, सस्ते फोन उन्होंने वहीं छोड़ दिए। वीडियों फुटेज से बचने के लिए डीवीआर भी अपने साथ ले गए है। पुलिस ने नजदीकी बैंक सहित आसपास लगे अन्य सीसीटीवी के फुटेज निकलवाए है।
