रतलाम। गरीब तबके के लोगों को भी अनाप-शनाप बिजली बिल दिए जाने के मामले में मंगलवार सुबह कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बिजली कंपनी के अधीक्षण यंत्री कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेसियों ने अधीक्षण यंत्री को यह भी चेता दिया कि यदि व्यवस्था ठीक नहीं हुई और हालात नहीं बदले तो पब्लिक मारपीट पर उतारू हो जाएगी, तब हमें किसी तरह का दोष मत देना। अधीक्षण यंत्री ने इन्हें ज्यादा बिल वाले सभी मामलों का जल्द निराकरण का आश्वासन दिया है।
महिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष अदिति दवेसर की अगुवाई में शहर के तमाम बड़े कांग्रेस नेता सुबह करीब 11 बजे अधीक्षण यंत्री कार्यालय पहुंचे और नारेबाजी कर विरोध जताया। इनके साथ अशोक नगर के भी करीब 30 रहवासी पहुंचे थे। ये सभी गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले लोग है और इनके घरों के बिजली बिल 20 से 30 हजार रूपए के बीच भेजे गए है। श्रीमती दवेसर के अनुसार कई परिवारों में तो केवल बिजली बिल भरने के लिए ही महिलाओं ने अपने गहने गिरवी रखे है। कंपनी अपनी गलती स्वीकार करने को तैयार ही नहीं है। यदि हालात ऐसे ही रहे तो कांग्रेस को उग्र आंदोलन भी करना पड़ सकते है। इस विरोध प्रदर्शन में शहर अध्यक्ष विनोद मिश्रा, पार्षद शांतिलाल वर्मा, प्रकाश पुरोहित, रजनीकांत व्यास सहित अन्य कांग्रेस नेता शामिल हुए थे।
