रतलाम। रतलाम शहर के भोयरा बावड़ी में रहने वाले एक वृद्ध की मंगलवार दोपहर सैलाना में सड़क हादसे में मौत हो गई। वे मोटरसाइकिल पर सवार थे और तेज रफ्तार व अंधा मोड़ होने के कारण आगे खड़ी पिकअप वैन को नहीं देख सके और पीछे से उससे जा टकराए। सिर में गहरी चोंट होने के कारण उनकी मौत हो गई।
सैलाना पुलिस के अनुसार वृद्ध की पहचान भोयरा बावड़ी निवासी मथुरालाल शर्मा उम्र 65 वर्ष के रूप में की गई है। वे सैलाना किस काम से पहुंचे थे यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। यह दुर्घटना दोपहर करीब 11.30 बजे सैलाना में बोहरा कब्रिस्तान के नजदीक बालक हायर सेकेंडरी स्कूल के ठीक सामने हुई। जेब से मिले कागज व मोटरसाइकिल के नंबर के आधार पर मथुरालाल शर्मा की पहचान की गई और परिजनों को सूचना दी गई।
