रतलाम। जातिगत आरक्षण के खिलाफ सवर्ण समाज की बड़ी रैली और जनसभा का आयोजन 12 नवंबर रविवार को शहर में होगा। रैली सुबह 11 बजे हनुमान ताल 80 फिट रोड़ से शुरू होगी और प्रमुख मार्गो से होती हुई बोधि इंटरनेशनल स्कूल के पास डोंगरे नगर पहुंचकर सभा में रूप में परिवर्तित हो जाएगी। इस रैली में प्रदेश के कई जिलों के लोग शामिल होंगे।
जातिगत आरक्षण के विरोध में महारैली व जनसभा का यह आयोजन श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना द्वारा किया जा रहा है। शनिवार दोपहर कार्यक्रम संयोजक यादवेंद्र सिंह ने मीडियाकर्मियों के साथ आयोजन से जुड़ी जानकारी साझा की। यादवेंद्र सिंह ने बताया कि यह रैली करणी सेना द्वारा आयोजित जरूर की जा रही है लेकिन इसमें सकल सवर्ण समाज की सहभागिता होगी। बतौर मुख्य अतिथि आयोजन में करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी, वरिष्ठ समाजसेवी मेघराज सिंह रॉयल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष योगेंद्र सिंह कटार शामिल होंगे।
सेना की 8 मांग
- पदोन्नति में आरक्षण समाप्त किया जाए।
- आरक्षण नीति की पुन: समीक्षा की जाए, ताकि हर वर्ग के गरीब को इसका लाभ मिल सके।
- आरक्षण नीति की समीक्षा नहीं होने तक आयकर रिटर्न भरने वाले परिवारों को आरक्षण का लाभ नहीं दिया जाए।
- पद्मावति फिल्म का मध्यप्रदेश में प्रदर्शन प्रतिबंधित किया जाए।
- सामान्य निर्धन कल्याण बोर्ड में राजनैतिक नियुक्त के बजाए बुद्धिजिवियों की समिति को बोर्ड संचालन की जिम्मेदारी दी जाए।
- राजपूत समाज की ऐसी संपत्तियां जो अधिग्रहित कर ली गई है, उन्हें क्षेत्रीय समिति बनाकर समाज को सौंपा जाए।
- नौकरियों में पीजीडीसीए, बीएड की अनिवार्यता या तो सभी वर्गो के लिए समाप्त कर दी जाए या सभी वर्गो के लिए अनिवार्य की जाए।
- ब्राह्मण वर्ग को ही मंदिरों में पूजा का अधिकार मिले, अन्य किसी वर्ग के व्यक्ति को पूजा का अधिकार नहीं दिया जाए।
