रतलाम। झाबुआ जिले के भाजपा जिला अध्यक्ष दौलत भावसार के खिलाफ शनिवार दोपहर रतलाम में आदिवासी छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कोर्ट तिराहे पर भावसार का पुतला जलाया गया और एसपी से उनके खिलाफ अनुसूचित जनजाति एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
आरोप है कि 8 नवंबर को नोटबंदी के समर्थन में झाबुआ में आयोजित एक कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष दौँलत भावसार ने मंच से ही आदिवासी युवा शक्ति छात्र संगठन के सदस्यों को अलगाव वादी और नक्सलवादी कहा। उनके इसी बयान के खिलाफ रतलाम में यह विरोध प्रदर्शन किया गया। आदिवासी छात्र संगठन के पदाधिकारियों ने संगठन के सदस्य छात्रों के साथ मिलकर कोर्ट तिराहे पर भाजपा जिला अध्यक्ष का पुतला फूंका।
