रतलाम। महिला एवं बाल विकास विभाग के जिस कर्मचारी के लापता होने के बाद से सरकारी महकमे के कर्मचारियों के बीच अफसरों को लेकर आक्रोश पनपा था, वह वापस लौट आया है। रविवार शाम करीब 6 बजे लेखापाल सुनील रायकवार सकुशल वापस रतलाम लौट आया। उसके आते ही परिवार में खुशी का माहौल बन गया, परिजनों ने उसके वापस कुशल लौटने पर किसी धार्मिक स्थल पर दर्शन करने जाने का प्रण लिया था लिहाजा तत्काल ही परिवार के सदस्य धार्मिक यात्रा पर रवाना हो गए। सुनील रायकवार 30 अक्टूबर से ही लापता था। उसके नदारद हो जाने के बाद से ही परिवार के सदस्य और कर्मचारी संगठन के सदस्य महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी सुषमा भदौरिया के खिलाफ प्रताड़ना के आरोप लगा रहे है। इनका आरोप है कि सुषमा भदौरिया द्वारा किए गए दुर्व्यवहार के कारण ही वह लापता हुआ था। फिलहाल यह साफ नहीं हो सका है कि सुनील रायकवार किन कारणों से लापता हुआ था, परिवार सहित वापस लौटने पर ही स्थिति साफ हो पाएगी।
