खबर पक्की, 11 नवंबर, रतलाम। यूजीसी के नियमों के विरोध में प्रस्तावित रैली को लेकर बुधवार को रतलाम में जमकर गहमागहमी रही। शास्त्री नगर स्थित राजपूत बोर्डिंग हाउस परिसर में बड़ी संख्या में जुटे करणी सेना के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने घेराबंदी कर हिरासत में ले लिया। बिना प्रशासनिक अनुमति रैली निकालने की तैयारी के चलते पुलिस ने यह कार्रवाई की। इस दौरान श्री राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना को भी पुलिस ने हिरासत में किया।
कार्रवाई के बाद पुलिस मकराना को सुरक्षा कारणों से रतलाम से सैलाना थाना ले गई। यहां पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। घटनाक्रम के दौरान शास्त्री नगर सहित आसपास के इलाके में भारी पुलिस बल तैनात रहा और पूरा क्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील नजर आया।
जानकारी के अनुसार, यूजीसी नियमों के विरोध में बुधवार को करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने राजपूत बोर्डिंग हाउस में जुटकर भोपाल के लिए रैली निकालने की तैयारी की थी। प्रशासन द्वारा रैली की अनुमति नहीं दिए जाने के बावजूद कार्यकर्ता जुलूस निकालने पर अड़े रहे। इस दौरान जमकर नारेबाजी भी हुई।
पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं को समझाइश दी और बिना अनुमति रैली नहीं निकालने की बात कही, लेकिन कार्यकर्ता नहीं माने। इसके बाद पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए घेराबंदी की और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेना शुरू कर दिया। पुलिस वाहनों में भरकर दर्जनों कार्यकर्ताओं को मौके से ले जाया गया।
एसपी सहित पूरा पुलिस अमला रहा तैनात
पूरे घटनाक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल, एएसपी राकेश पंद्रो, नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया सहित जिले के विभिन्न थानों के प्रभारी और भारी पुलिस बल तैनात रहा। थाना प्रभारी मुनेंद्र गौतम, अनुराग यादव, अमित कोरी और विवेक सिंह चौहान सहित पुलिस अधिकारी कार्रवाई में जुटे रहे। प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।
40 से 50 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पंद्रो ने बताया कि क्षेत्र में बिना अनुमति रैली निकालने पर प्रतिबंधात्मक आदेश पहले से लागू हैं। इसके बावजूद सार्वजनिक स्थान पर बिना अनुमति रैली निकालने का प्रयास किया जा रहा था। पुलिस ने रोकने और समझाइश देने का प्रयास किया, लेकिन कार्यकर्ता नहीं माने। इसके बाद करीब 40 से 50 लोगों को हिरासत में लिया गया है। सभी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
यूजीसी नियमों के विरोध में करणी सेना का प्रदर्शन रोकने पुलिस की घेराबंदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना हिरासत में, राजपूत बोर्डिंग हाउस में जुटे कार्यकर्ताओं को पुलिस ने लिया हिरासत में
