• Mon. Sep 28th, 2026

सरकारी कर्मचारियों का फैसला, अब कलेक्टर के बजाए जनप्रतिनिधियों से होगी बात, मामला- महिला बाल विकास विभाग के लेखापाल के लापता होने का

BySurendra Jain

Nov 5, 2017

 

रतलाम। महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी सुषमा भदौरिया के खिलाफ लामबंद हुए जिलेभर के कर्मचारियों ने रविवार दोपहर संयुक्त बैठक की है। इस बैठक में तय किया गया है कि सुषमा भदौरिया के खिलाफ कार्रवाई के लिए अब कलेक्टर तन्वी सुंद्रियाल से बात नहीं की जाएगी, उनके बजाए कर्मचारी जिले के जनप्रतिनिधियों से बात करेंगे और उनसे जिला कार्यक्रम अधिकारी को हटाने की मांग की जाएगी। सरकारी महकमे के कर्मचारी कलेक्टर द्वारा दिए गए जवाब से नाराज है।

महिला एवं बाल विकास विभाग के लेखापाल सुनील रायकवार 30 अक्टूबर से लापता है, परिजनों का आरोप है कि जिला कार्यक्रम अधिकारी सुषमा भदौरिया की प्रताड़ना के कारण वे रतलाम छोड़कर चले गए है। इस मामले में तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ ने कलेक्टर तन्वी सुंद्रियाल को भी शिकायत की थी। कर्मचारी संगठन के पदाधिकारियों के मुताबिक कलेक्टर का जवाब गैर जिम्मेदाराना था। उन्होंने कर्मचारियों की मांग को हल्के में लिया और कहा- सास कैसी भी हो, निभाना तो पड़ती है।

रविवार दोपहर कालिका माता मैदान में तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ की एक बार फिर से इसी मुद्दे पर बैठक हुई, इस बैठक में अन्य कर्मचारी संघों के भी प्रतिनिधि शामिल हुए। इस बार तय किया गया है कि कलेक्टर के बजाए जनप्रतिनिधियों को मामले से अवगत कराया जाए, संभवत: सोमवार शाम कर्मचारी शहर विधायक व राज्य योजना आयोग उपाध्यक्ष चेतन्य काश्यप, राज्य वित्त आयोग अध्यक्ष हिम्मत कोठारी, किसान आयोग अध्यक्ष ईश्वरलाल पाटीदार सहित ग्रामीण विधायक मथुरालाल डामर को अलग-अलग समय में ज्ञापन देंगे और कार्रवाई की मांग करेंगे। तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ जिला अध्यक्ष दीपक सुराना के अनुसार कलेक्टर इस मामले में जनप्रतिनिधियों को भी भ्रामक जानकारी दे सकती है, इसलिए हम सीधे जनप्रतिनिधियों से बात करेंगे। पहले भी कलेक्टर का रवैया कर्मचारियों के हित का नहीं रहा है। सुराना के अनुसार शासन की योजनाओं को तृतीय और चतुर्थ वर्ग का कर्मचारी मैदानी हकीगत में तब्दील करता है और नाम कलेक्टर व अन्य बड़े अधिकारियों का होता है। आज जब किसी एक विभाग में निचलेस्तर के कर्मचारी परेशान है तो कलेक्टर सुनने को तैयार नहीं है, यह गलत रवैया है।

You missed

error: Content is protected !!