रतलाम। शहर के साइंस एंड आर्ट्स कॉलेज में एक माह के भीतर दूसरी बार छात्रों के बीच बड़ा झगड़ा हुआ है। आपसी विवाद में 4 छात्र घायल हो गए। बस में बैठने के दौरान बैग टकराने जैसी छोटी से बात से शुरु हुए विवाद के बाद एक पक्ष ने साइंस कालेज के बाहर आकर दूसरे पक्ष के छात्रों पर हमला कर दिया। विवाद की सूचना मिलने पर स्टेशन रोड थाना प्रभारी पुलिस बल सहित मौके पर पहुंचे। स्टेशन रोड थाना पुलिस ने घायल छात्रों की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मारपीट का प्रकरण दर्ज किया है।
स्टेशन रोड थाना प्रभारी अजय सारवान के मुताबिक धोंसवास निवासी लीलाशंकर पिता देवीलाल साइंस कालेज में एम.ए. प्रथम वर्ष का छात्र है। दीपक पिता भरतलाल ग्राम धोंसवास बी.ए. तृतीय वर्ष का छात्र है। शुक्रवार को दोनों कॉलेज आने के लिए गांव से बस में सवार हुए थे। बस में बैठने के दौरान पहले से बैठे कुछ युवकों का बैग इनसे टकरा गया था। इन्होंने बैग हटाने को कहा, तो दोनों पक्षों में बहस हो गई। कुछ देर बाद दुसरे पक्ष के युवक रतलाम आने के पूर्व बायपास पर ही उतर गए और उक्त दोनों छात्र रतलाम में बस से उतरकर कक्षा अटैण्ड करने साइंस कालेज पहुंचे। यहां कालेज के बाहर बस में जिन युवकों से विवाद हुआ था, वे और उनके साथियों ने पहुंचकर दोनों छात्रों से मारपीट शुरु कर दी। इस दौरान बीचबचाव करने आए नरेन्द्र और भरत नामक दो छात्रों से भी आरोपियों ने मारपीट की। चारों छात्रों को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। सूचना मिलने पर स्टेशन रोड थाना प्रभारी अजय सारवान बल के साथ मौके पर पहुंचे और अस्पताल भी गए। थाना प्रभारी अजय सारवान ने बताया कि घायल छात्र की शिकायत पर अजय, विजय नामक दो युवक और अन्य के खिलाफ धारा 323, 294, 506, 34 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
