• Thu. Aug 13th, 2026

सिंगापुर में भारत का प्रतिनिधित्व करेगी रतलाम की बेटी

BySurendra Jain

Nov 2, 2017

 

रतलाम। जबलपुर के शासकीय आयुर्वेद कालेज में  पढ़ने वाली रतलाम निवासी रोचन सोनटक्के सिंगापुर में भारत का प्रतिनिधित्व करेगी। एनसीसी द्वारा आयोजित किए जाने वाले यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम के लिए मध्यप्रदेश से रोचन सोनटक्के का चयन किया गया है।
एनसीसी द्वारा गणतंत्र दिवस के मौके पर नई दिल्ली में होने वाली परेड के लिए देशभर से कैडेट्स का चयन किया जाता है। ये चयनित कैडेट्स जहां गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होते हैं,वहीं चयनित कैडेट्स की कडी परीक्षा के बाद यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम के लिए चुनिन्दा कैडेट्स का चयन किया जाता है। भारत से सिंगापुर जाने के लिए देशभर के कुल 20 कैडेट्स का चयन किया गया है। इनमें मध्यप्रदेश के दो कैडेट चयनित किए गए है। इनमें से एक रतलाम की रोचन सोनटक्के है।
यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत सिंगापुर जाने वाले भारतीय दल में बीस कैडेट्स के अलावा चार आफिसर भी शामिल होंगे। सिंगापुर रवाना होने से पहले ये कैडेट्स दस दिनों तक दिल्ली में आयोजित कैम्प में भाग लेंगे। दिल्ली में सात नवंबर से कैम्प प्रारंभ होगा। भारतीय दल 16 नवंबर को दिल्ली से सिंगापुर के लिए रवाना होगा। भारतीय दल दस दिनों तक सिंगापुर में रहेगा। इस दौरान भारत के युवा कैडेट्स कायकिंग,फायरिंग,तीरन्दाजी,ड्रिल इत्यादि गतिविधियों में शामिल होंगे। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सिंगापुर में भारतीय संस्कृति का प्रदर्शन करेंगे। भारत के ये होनहार युवा सिंगापुर प्रवास के दौरान सिंगापुर के महाराजा और शासन प्रमुख से भी मुलाकात करेंगे। भारतीय दल की वापसी 25 नवंबर को होगी। रोचन ने रतलाम के उत्कृष्ट विद्यालय से स्कूली पढाई पूरी की है। उनकी  यह उपलब्धि रतलाम शहर के लिए भी एक बडी उपलब्धि है। वे रतलाम की संभवत: पहली छात्रा है,जिनका चयन भारत के यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम में हुआ है।

 

You missed

error: Content is protected !!