खबर पक्की, 30 सितंबर, रतलाम। संचालनालय नगर तथा ग्राम निवेश म.प्र. शासन भोपाल द्वारा रतलाम निवेश क्षेत्र की प्रारुप विकास योजना 2035 का प्रकाशन राजपत्र में विगत दिनों किया गया। प्रकाशन अवधि में विभाग को कुल 296 आपत्तियां, सुझाव प्राप्त हुए। इनमें से 29 सितम्बर को प्रथम दिवस 180 आपतियो पर सुनवाई की गई थी शेष रह गई 116 आपत्तियों, सुझावों पर 30 सितम्बर को सुनवाई की गई।
इस सम्बन्ध में जिला विकास योजना समिति द्वारा गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में विधायक श्री चेतन्य काश्यप, श्री दिलीप मकवाना, कलेक्टर श्री कुमार पुरुषोत्तम, संयुक्त संचालक नगर एवं ग्राम निवेश उज्जैन सी.के. साधव, प्रभारी उपसंचालक गोरेलाल वर्मा तथा आपत्तिकर्ता व सुझावकर्ता नागरिक उपस्थित थे।
मास्टर प्लान की जनसुनवाई के दूसरे दिन, सुनवाई समाप्ति पश्चात विधायक चेतन्य काश्यप ने नगर एवं ग्राम निवेश के अधिकारियों को निर्देशित किया कि, आमजन की आपत्तियां एवं सुझाव को गंभीरता से लेवे, और जो लागू हो सके उस अनुसार उन्हें व्यावहारिक रूप में लेकर शासन को प्रेषित करें।
जिला समिति द्वारा आपत्तियों, सुझावों पर अपनी अनुशंसा प्रतिवेदन आगामी एक माह के भीतर शासन को प्रेषित कर दिया जाएगा, जहां योजना पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
आमजन की आपत्तियां तथा सुझाव को गंभीरता से लेवे : विधायक श्री कश्यप, जिला विकास योजना समिति द्वारा द्वितीय दिवस 116 आपत्तियों एवं सुझावों पर सुनवाई की गई, रतलाम विकास योजना 2035 पर आपत्तियां एवं सुझाव
