• Mon. Sep 28th, 2026

सैलाना विधायक के पति ने टोल पर किया हंगामा, कर्मचारियों को पीटा

BySurendra Jain

Oct 27, 2017

 

रतलाम। सैलाना से भाजपा की विधायक संगीता चारेल के पति और सैलाना मंडी अध्यक्ष विजय चारेल द्वारा अपने समर्थकों के साथ टोल नाके के कर्मचारियों को पीटने का मामला सामने आया है। गुरूवार देर रात हुए इस घटनाक्रम की सरवन थाने में शिकायत दर्ज की गई है। टोल कंपनी का आरोप है कि विधायक पति कुछ व्यवसायिक वाहनों को भी टोल से छूट देने का दबाव बना रहे थे और सुनियोजित तरीके से उन्होंने टोल पर हमला किया है।

वाकया रात करीब 11 बजे का है। रतलाम-बांसवाड़ा रोड पर टोल कंपनी अग्रोहा इंफ्रास्ट्रक्चर का डेलनपुर और सरवन थाना क्षेत्र में सालरापाड़ा में टोल है। गुरूवार रात विधायक पति विजय चारेल बोलेरो वाहन में सवार होकर सालरापाड़ा टोल पर पहुंचे, एक बार टोल क्रास किया। दो मिनिट बाद ही वापस लौटे और एकाएक टोल विंडो पर बैठे कर्मचारी प्रभु भगौरा के साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच बचाव करने आए शिफ्ट इंचार्ज दीपक अग्रवाल, सर्वेश यादव, कर्मचारी प्रभु निनामा और जितेंद्र यादव को भी विजय चारेल के साथ आए लोगों ने बुरी तरह पीटा। पूरी घटना क्लोज सर्किट कैमरों में कैद हुई है। अग्रोहा टोल कंपनी के मैनेजर अजय खाती के अनुसार इस वारदात की एफआईआर सरवन थाने में दर्ज कराई गई है। खाती के अनुसार विधायक प्रतिनिधि होने के नाते विजय चारेल के निजी वाहनों को टोल पर छूट दे दी जाती है लेकिन वे कुछ व्यवसायिक वाहनों के मामले में भी छूट देने के लिए दबाव बना रहे थे। इसके अलावा उनकी मांग थी कि उनके नाम से जारी पास वाले वाहनों को टोल पर छूट दी जाए।

हमारे पास तो व्यवसायिक वाहन ही नहीं

इस मामले में विधायक प्रतिनिधि डा. विजय चारेल का कहना है कि हमारे पास कोई व्यवसायिक वाहन अब है ही नहीं। टोल पर हमारे लड़को को बार-बार परेशान किया जा रहा था। लोकल आदमी को भी वाहनों से छूट नहीं है, जबकि सरकार का नियम है। इसी पर कहासुनी हुई थी, कुछ साथियों से झूमाझटकी हुई। मारपीट जैसा कुछ नहीं था।

You missed

error: Content is protected !!