भोपाल। महंगाई के कारण दबाव में आई प्रदेश सरकार ने अब दूसरे राज्यों का अनुसरण करते हुए पेट्रोल और डीजल उत्पादों पर वैल्यू एडेड टैक्स(वेट) घटाने का ऐलान कर दिया है। शुक्रवार सुबह मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और वित्तमंत्री जयंत मलैया के बीच हुई बैठक के बाद वित्त मंत्री ने इसका ऐलान किया। पेट्रोल पर 3 प्रतिशत और डीजल पर 5 प्रतिशत वेट कम किया गया है। इससे पेट्रोल की कीमत 1 रूपए 70 पैसे और डीजल की कीमत 4 रूपए तक कम हो जाएगी। नई दरे शुक्रवार रात 12 बजे के बाद से ही प्रदेश में लागू कर दी जाएगी।
वित्तमंत्री जयंत मलैया ने मीडिया के माध्यम से जनता को बताया कि वेट कम किए जाने से प्रदेश सरकार को सालाना 2 हजार करोड़ रूपए का घाटा होगा। प्रदेश में फिलहाल पेट्रोल पर 31 प्रतिशत और डीजल पर 27 प्रतिशत वेट लगता है। लगातार बढ़ती मंहगाई के कारण फिलहाल केंद्र सहित भाजपा शासित राज्यों की सरकारे खासे दबाव में है और इसी कारण पेट्रोल व डीजल उत्पादों के दाम करने की प्रतिस्पर्धा शुरू हुई है। गुजरात, महाराष्ट्र और हिमाचल प्रदेश सरकारे पहले ही वेट कम कर लोगों को राहत दे चुकी है। डीजल के दाम कम होने से उम्मीद बंधी है कि ट्रांसपोर्टेशन के रेट कम होंगे और इससे महंगाई पर काबू पाने में मदद मिल सकेगी।
