रतलाम। जैन समाज की प्रतिष्ठित संस्था धर्मदास जैन मित्र मंडल की 100 करोड़ रूपए से ज्यादा कीमत की संपत्ति पर अवैध कब्जे के मामले में जिला प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। इस मामले में रजिस्ट्रार पब्लिक ट्रस्ट एवं एसडीएम शहर नेहा भारती द्वारा 6 ट्रस्ट के पदाधिकारियों को नोटिस जारी किया गया है। सभी को 12 अक्टूबर की दोपहर 3 बजे तक एसडीएम न्यायालय में पेश होकर जवाब देने को कहा गया है।
जैन समाज के सैकड़ो परिवारों के सदस्यों ने पिछले दिनों धर्मदास जैन मित्र मंडल की संपत्ति पर निजी ट्रस्ट बनाकर अवैध कब्जा किए जाने की शिकायत कलेक्टर को की थी। एसडीएम द्वारा जारी नोटिस में कहा गया है कि आवेदक समाजजन की ओर से अजीत मेहता, शैलेष पिपाड़ा द्वारा प्राप्त शिकायत के अनुसार आपके संचालित पृथक ट्रस्टों की मालकी की संपत्तियों को खुर्द-बुर्द विक्रय करते हुए निजी ट्रस्ट में लेने का षड़यंत्र करने व समाज को अंधेरे में रखे जाने की शिकायत प्राप्त हुई है। अत: 12 अक्टूबर की दोपह 3 बजे तक ट्रस्ट की संपत्तियां, विक्रय की अनुमति, 3 सालों की ऑडिट रिपोर्ट सहित अपना उत्तर प्रस्तुत करे। यदि इस दिनांक को जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया तो यह माना जाएगा कि आपको आरोपित पर आरोप स्वीकार है। इस परिस्थिति में प्रकरण में अगली कार्रवाही की जाएगी।
इन्हें जारी हुए नोटिस
(1) निहालचंद गांधी, रमणलाल बोहरा एवं अन्य प्रमुख ट्रस्टी श्री धर्मदास जैन मित्र मंडल बजाजखाना
(2) श्री कृष्ण जैन महिला कला केंद्र ट्रस्ट, सुभाष मार्ग धानमंडी रतलाम
(3) महेंद्र चाणोदिया व अन्य प्रमुख ट्रस्टी श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ ट्रस्ट बोर्ड बजाजखाना
(4) सुरेंद्र गादिया, आनंदीलाल गांधी व अन्य, श्री सौभाग्य साधना एवं जनकल्याण परिसर सागोद रोड
(5)निहालचंद गांधी, चंदनमल चौरड़िया व अन्य, श्री धर्मदास कृष्ण स्मृति सुकृत ट्रस्ट राजमोहल्ला इंदौर
(6) श्री सौभाग्य जैन परमार्थिक न्यास बजाजखाना रतलाम