• Sun. Nov 1st, 2026

पुलिस ने चोरी गया सोयाबीन से भरा ट्रक पकड़ा, दो आरोपी भी गिरफ्तार

BySurendra Jain

Jul 15, 2021

खबर पक्की, 15 जुलाई, रतलाम। सोयाबीन से भरे ट्रक की जावरा से हुई सनसनीखेज चोरी के मामले को पुलिस ने महज बारह घण्टों में सुलझाते हुए चोरी गए ट्रक और सोयाबीन को बरामद करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने चोरी मेंशामिल गिरोह के दो आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया है। चोर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
जावरा शहर थाना प्रभारी वीडी जोशी ने बताया कि 25 टन सोयाबीन से भरे ट्रक क्र.आरजे-27-जीबी-0285 को उसके ड्रायवर शाहनवाज खान पिता कादर खान 28 नि.नया मालीपुरा जावरा ने रात करीब साढे बारह बजे गुलशन गार्डन के पास खडा किया था। सुबह उसे ट्रक लेकर नागपुर रवाना होना था। सुबह करीब साढे आठ बजे जब वह गुलशन गार्डन पंहुचा,तो ट्रक नदारद था। शाहनवाज फौरन पुलिस थाने पंहुचा और उसने ट्रक चोरी होने की जानकारी दी। चोरी की यह वारदात करीब 35 लाख रु. की थी,जिसमें 15 लाख रु. ट्रक का मूल्य था,जबकि इसमें भरे गए सोयाबीन की कीमत करीब 20 लाख रु. थी।
ट्रक चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई। एसपी गौरव तिवारी के निर्देश पर ट्रक चोरी की जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की गई। विशेष टीम ने घटनास्थल के आसपास तथा टोल नाकों के सीसीटीवी फुटेज को खंगालना शुरु किया। मुखबिर तंत्र और सायबर सेल से मिली सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने तालनाका जावरा निवासी शाहरुख पिता फकीर मोहम्मद कुरैशी 23 और उसके छोटे बाई भादर 19 को गिरफ्तार किया।
आरोपियों ने पूछताछ के दौरान बताया कि उन्होने अपने चन्दन नगर इन्दौर निवासी दो भाईयों अफरोज और मोहसिन के साथ मिलकर इस ट्रक को चुराने की योजना बनाई थी।
पुलिस ने शाहरुख और भादर कीनिशानदेही पर इन्दौर के गांधी नगर चौराहे से चुराए गए ट्रक और पीथमपुर सेक्टर1 के एस्सार पैट्रोल पंप के पीछे बने पतरे के शेड से सोयाबीन की 299 बोरियां (करीब 25 टन सोयाबीन) बरामद कर लिया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी शाहरुख पूर्व में इसी ट्रक पर सेकण्ड ड्रयावर के रुप में काम करता था,लेकिन करीब एक महीने पहले डीजल चोरी की शंका में शाहनवाज ने उसे काम से निकलवा दिया था। इसी रंजिश को लेकर शाहरुख ने अपने भाईयों के साथ मिलकर ट्रक चोरी की योजना बनाई थी।
पुलिस ने ट्रक और सोयाबीन जब्त कर लिया है। दो आरोपी शाहरुख और भादर भी गिरफ्तार है। दोनो आरोपियों से कडी पूछताछ की जा रही है। चोरी की वारदात में शामिल अन्य आरोपियों को भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस को उम्मीद है कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर और भी चोरियों का खुलासा हो सकेगा।

You missed

error: Content is protected !!