खबर पक्की, 15 जुलाई, रतलाम। जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक गुरुवार शाम पुलिस अधीक्षक कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित हुई। बैठक में कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम ने कहा कि कोरोना काल के दृष्टिगत संक्रमण नहीं फेलें, शासन की गाइड लाइन का पालन होगा। सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्यौहार आयोजित होंगे।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि शांति समिति के निर्णय में कोई परिवर्तन नहीं होगा। यदि शासन द्वारा कोई नया आदेश जारी होता है तभी सभी सदस्यों को विश्वास में लेकर परिवर्तन किया जा सकता है। सभी से कोविड-अनुकुल व्यवहार रखने की अपील कलेक्टर द्वारा की गई। कलेक्टर ने कहा कि कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण जरूरी है। एक निश्चित सीमा में अधिकाधिक टीकाकरण होने पर ही हम सुरक्षित महसूस कर सकते हैं। यदि कोई वृद्धजन टीकाकरण से वंचित है, टीकाकरण केंद्र पर आने में असमर्थता हो रही है तो वैक्सीनेशन टीम द्वारा घर जाकर भी टीका लगाया सकता है। इस संबंध में कलेक्टर द्वारा बैठक में उपस्थित एसडीएम शहर को निर्देशित भी किया गया।
कलेक्टर ने यह भी बताया कि शहर में वृद्धाश्रम, कुष्ठ रोगियों की बस्ती तथा ऐसे ही अन्य स्थानों पर वैक्सीनेशन टीम को पहुंचाकर वैक्सीनेशन कराया गया है। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े द्वारा आगामी त्योहारों के आयोजन को लेकर प्रशासनिक तैयारियों की रूपरेखा बताई गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री गौरव तिवारी ने सभी सदस्यों से अनुरोध किया कि शांति समिति के निर्णयों का खासतौर पर कोरोना से बचाव के लिए अपनाई जाने वाली दिनचर्या की जानकारी आमजनों को अपने क्षेत्र में पहुंचकर देवें।
बैठक में शहर काजी अहमद अली, गोविंद काकानी, मनोहर पोरवाल, प्रदीप उपाध्याय, श्रीमती यास्मीन शैरानी, महेंद्र गादिया, राजेश मूणत, राजीव रावत, प्रवीण सोनी, पवन सोमानी, सलीम आरिफ, मधु पटेल, दिनेश राठौर, एसडीएम अभिषेक गहलोत, एम.एल. आर्य, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील पाटीदार, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रभाकर ननावरे, निगमायुक्त सोमनाथ झारिया आदि उपस्थित थे।
कोरोना संक्रमण नहीं फैले, सौहार्दपूर्ण रूप से त्योहारों का आयोजन होगा, जिला शांति समिति की बैठक संपन्न
