• Tue. Sep 29th, 2026

टीआईटी रोड़ पर रहवासियों ने रूकवाया सीवरेज का काम, प्रोजेक्ट मैनेजर की लू उतारी

BySurendra Jain

Oct 5, 2017

रतलाम। शहर के कई इलाकों में चल रहे सीवरेज लाइन के काम का अब विरोध होना शुरू हो गया है। गुरूवार को टीआईटी रोड के रहवासियो ने खुदाई का काम रूकवा दिया और काम करवा रहे इंजीनियर्स का घेराव कर दिया। मौके पर पहुंचे प्रोजेक्ट मैनेजर को भी लोगों ने खरी-खोटी सुनाते हुए लू उतार दी। चेतावनी दी कि जब तक सही नियमों से काम करने का आश्वासन नहीं मिलता है तब तक आगे खुदाई नहीं करने दी जाएगी।

बुधवार सुबह से ही ठेकेदार कंपनी के कर्मचारियों ने स्टेशन रोड से टीआईटी रोड की तरफ वाले हिस्से में खुदाई का काम शुरू किया था। कुछ देर ही हुए थे कि यहां रहवासी इकठ्‌ठा हुए और काम रूकवा दिया। पार्षद प्रतिनिधि रवि जौहरी मौके पर पहुंचे उनके माध्यम से लोगों ने प्रोजेक्ट मैनेजर को नगर निगम से हुए अनुबंध की कॉपी लेकर बुलवाया। रहवासियों का आरोप था कि ठेकेदार कंपनी के लोग मनमाने तरीके से काम कर रहे है और निगम के साथ हुए अनुबंध का भी पालन नहीं किया जा रहा है। लाइन महज डेढ से दो फिट गहराई में ही डाली जा रही है। डीपीआर में पाइप की जो साइज बताई गई है, उससे कम साइज का और घटिया क्वालिटी का पाइप डाला जा रहा है। इसके अलावा सभी रहवासियों का विरोध इस बात को लेकर भी था कि उनके घरों के पीछे के हिस्से में लाइन डालने के पर्याप्त जगह है, इसके बावजूद आगे के हिस्सों में लाइन डाली जा रही है। इससे रहवासियों को अपने घरों का सीवरेज कनेक्शन आगे लाना होगा और हर घर में तोडफोड़ होगी। फिलहाल रहवासियों ने यह काम रूकवा दिया है और चेतावनी दी है कि जब तक तय मानकों पर काम करने का ठोस आश्वासन नहीं मिलता, लाइन नहीं डालने दी जाएगी।

error: Content is protected !!